पुरानी धरोहर इमारतों का संरक्षण एवं संवर्धन हो

डाक बंगले में संचालित बच्चों को बैठने के लिए की मेट वितरित
बागपत 21 फरवरी 2026 —अस्मिता लाल ने आज जिला पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यालय की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अभिलेखों एवं रिकॉर्ड की जांच करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए तथा कार्यालय व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Archaeological Survey of India (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) की टीम को जिलाधिकारी ने आज लगभग 100 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक भवन का निरीक्षण कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस धरोहर भवन का संरक्षण एवं समुचित रिनोवेशन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि इसकी ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रह सके।
जिलाधिकारी ने मुख्य भवन तथा निर्वाचन से संबंधित सामग्री/सामान के रख-रखाव की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी अभिलेख एवं सामग्री को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संरक्षित किया जाए।
इसके उपरांत उन्होंने जिला पंचायत के डाक बंगले का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक मरम्मत एवं रिनोवेशन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सामाजिक उत्तरदायित्व की एक सराहनीय पहल का भी अवलोकन किया। पुरा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा छोड़े गए जूते-चप्पलों को रीसाइक्लिंग कर उनसे तैयार की गई मैट को जिला पंचायत के डाक बंगले में संचालित विद्यालय में बच्चों के उपयोग हेतु भेजा गया। जिलाधिकारी स्वयं बच्चों के साथ उन्हीं मैट पर बैठीं, उनके साथ भोजन किया तथा मिड डे मील की गुणवत्ता का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पुरानी धरोहर इमारतों का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की जिम्मेदारी है। इन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी के लिए सुरक्षित रखना ही हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कार्यालय परिसर का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जितेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत