बागपत,18 फरवरी 2026— कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में जिला गंगा, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार ने अवगत कराया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कराए गए वृक्षारोपण की सत्यापन रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जानी है। किन्तु अभी तक पंचायती राज, पशुपालन, माध्यमिक शिक्षा, राजस्व, लोक निर्माण, उद्योग एवं औद्योगिक विभाग द्वारा अपेक्षित सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी सत्यापन रिपोर्ट कल तक अनिवार्य रूप से वन विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद बागपत से कृष्णी नदी को पुनरोद्धार हेतु चयनित किया गया है। इसके लिए शासनादेश के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर राज्य स्वच्छ गंगा मिशन उत्तर प्रदेश को प्रेषित की जानी है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने नमामि गंगे के नोडल अधिकारी, जलापूर्ति विभाग बागपत को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, लखनऊ को प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी निकायों एवं विभागों को निर्देशित किया कि पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा पुनरोद्धार से संबंधित सूचनाएं समयबद्ध रूप से वन प्रभाग बागपत को प्रेषित करें, जिससे शासन को निर्धारित समय सीमा में आख्या भेजी जा सके।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण की गुणवत्ता, सत्यापन प्रक्रिया तथा जनपद में नदियों के पुनरोद्धार को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने पर विशेष बल दिया ।
इस अवसर पर डीएफओ विनोद कुमार ,एडीएम विनीत कुमार उपाध्याय ,सीएमओ तीरथ लाल संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत