बागपत, 05 सितंबर 2026।
टीकाकरण से वंचित एवं टीकाकरण के प्रति झिझक रखने वाले परिवारों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज मुग़लपुरा स्थित रहमानी मस्जिद के पास मुफ्ती शाह आलम के आवास पर विशेष टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सुरुचि शर्मा ने बताया कि टीकाकरण से दूरी बनाने वाले परिवारों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुफ्ती शाह आलम के सहयोग से उनके आवास पर विशेष सत्र आयोजित कर परिवारों से संपर्क किया गया। टीम ने घर-घर जाकर अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी तथा बच्चों को समय से सभी आवश्यक टीके लगवाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से बचाने का प्रभावी माध्यम है। अभिभावकों को टीकाकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रांति अथवा शंका होने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों से जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई।
विशेष सत्र में मुफ्ती शाह आलम, जिला समन्वयक परविन्द, क्लस्टर समन्वयक तनु, फार्मासिस्ट अरविन्द, ए.एन.एम. साक्षी, आशा कार्यकर्ता रूबी, रेखा, मीनू एवं पूजा तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समीम एवं शबनम उपस्थित रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने समुदाय के धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से अपील की कि वे टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
सूचना विभाग बागपत