सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कवरेज जांची, अधिकारियों-कर्मचारियों के पहचान पत्र देखे; आमजन से लिया फीडबैक, दलालों की आवाजाही रोकने के निर्देश
बागपत, 6 सितंबर 2026 — परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सहारनपुर मनोज कुमार सिंह ने शनिवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय बागपत का औचक निरीक्षण किया। अचानक कार्यालय पहुंचे आरटीओ प्रवर्तन ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यालय में होने वाली गतिविधियों तक की जांच की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अधिकारियों-कर्मचारियों के पहचान पत्र और अनधिकृत लोगों की आवाजाही गतिविधियों को देखा गया। साथ ही कार्यालय में काम कराने पहुंचे लोगों से भी बातचीत कर फीडबैक लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज और रिकॉर्डिंग की संग्रहण क्षमता जांची गई। यह देखा गया कि कैमरे सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं और कार्यालय के जरूरी हिस्से उनकी निगरानी में हैं या नहीं। रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने की क्षमता के संबंध में भी जानकारी ली गई। इसके बाद कार्यालय में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के विभाग की ओर से जारी पहचान पत्रों की जांच की गई। आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों के विभाग अथवा सेवा प्रदाता की ओर से जारी पहचान पत्र भी देखे गए। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित करने पर जोर रहा कि कार्यालय में कार्यरत अधिकृत कार्मिकों की पहचान स्पष्ट रहे।
आरटीओ प्रवर्तन ने कार्यालय में आने वाले अनधिकृत और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की भी पड़ताल की। विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की अनधिकृत मध्यस्थता तो नहीं हो रही है, इस संबंध में भी जानकारी ली गई। कार्यालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान आमजन से भी सीधे संवाद किया गया। अपने काम के लिए कार्यालय पहुंचे लोगों से पूछा गया कि उन्हें शासकीय कार्य कराने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
आमजन से फीडबैक लेने के बाद सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार को कार्यालय की व्यवस्था को और पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निर्देश दिए गए कि कार्यालय में अनधिकृत मध्यस्थता की कोई गतिविधि न होने पाए और लोगों को अपने शासकीय कार्य के लिए निर्धारित विभागीय व्यवस्था का ही लाभ मिले। औचक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता से जुड़े सभी पहलुओं को मौके पर देखा गया। सीसीटीवी की निगरानी व्यवस्था, कर्मचारियों की पहचान, अनधिकृत लोगों की गतिविधियां और आमजन से प्राप्त फीडबैक—इन सभी बिंदुओं की जांच कर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सूचना विभाग बागपत