बागपत 8 सितंबर 2026— जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में आज जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में गत वर्ष कराए गए वृक्षारोपण की जियो-टैगिंग/जियो ट्रैकिंग की विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उच्च शिक्षा, नगर विकास, ग्राम विकास, ऊर्जा, जल शक्ति एवं आवास विकास विभागों की जियो-टैगिंग की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर शत-प्रतिशत जियो-टैगिंग पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण लगाए गए पौधों की सुरक्षा, संरक्षण एवं नियमित सिंचाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित विभागों को लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी निर्धारित करने तथा पौधों को जीवित रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी तत्परता के साथ कार्य करते हुए वृक्षारोपण अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाएं।
इसके उपरांत जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कृष्णा नदी एवं यमुना नदी के जीर्णोद्धार तथा उनके संरक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अभियान के अंतर्गत व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वन विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को वन विभाग की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत