बागपत। गणतंत्र दिवस-2027 के अवसर पर भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री पुरस्कारों के लिए जिले के महानुभावों के नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। समाज सेवा, कला, संस्कृति, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, खेल, उद्योग, जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों के नाम इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए प्रस्तावित किए जा सकते हैं। नामांकन के लिए आवेदन निर्धारित प्रारूप में किया जाना है जिसे जिला विकास अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। इच्छुक व्यक्ति आवेदन का निर्धारित प्रारूप प्राप्त कर उसमें संबंधित व्यक्ति के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों का विवरण अंकित कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन एवं आवश्यक अभिलेख विकास भवन स्थित जिला विकास अधिकारी कार्यालय में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा किए जा सकते हैं। प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उन्हें शासन को प्रेषित किया जाएगा।पद्म पुरस्कार देश के प्रमुख नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण, विशिष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है। जिले के ऐसे प्रतिभाशाली एवं समर्पित व्यक्तियों, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाला है, उनके नाम पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किए जा सकते हैं।