स्कूली बच्चों को टिफिन एवं पानी की बोतल भेंट, महिलाओं को फलदार पौधे वितरित, किशोरियों का हुआ एचपीवी टीकाकरण
बागपत, 08 जुलाई 2026–
जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में आज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बड़ौली स्थित हरिजन चौपाल पर आयोजित महिला जन चौपाल जनसहभागिता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रेरणादायी उदाहरण बनी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने ग्रामीण महिलाओं के बीच बैठकर आत्मीय वातावरण में सामूहिक सहभोज किया तथा महिलाओं द्वारा प्रेमपूर्वक तैयार किए गए पारंपरिक व्यंजनों—सूजी का हलवा, आलू-छोले, पूरी एवं रायता—का स्वाद लिया। बरसात के मौसम में आयोजित इस सामूहिक भोजन ने ग्रामीण संस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
महिला जन चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, बच्चों, किसानों, युवाओं एवं समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति के समग्र विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे स्वयं भी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपने गांव के अन्य पात्र परिवारों को भी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी योजना से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाएं किसी भी समाज की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति होती हैं। यदि महिलाएं जागरूक होंगी तो परिवार, गांव और समाज स्वतः ही विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सराहना करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बर्तन बैंक का शुभारंभ रहा। जिलाधिकारी ने फीता काटकर बर्तन बैंक का उद्घाटन किया और कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक एवं डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि गांवों में होने वाले छोटे-बड़े सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों में अब ग्रामीण सामुदायिक बर्तनों का उपयोग कर सकेंगे, जिससे अनावश्यक प्लास्टिक कचरा नहीं फैलेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक गांव इस प्रकार की पहल अपनाए तो प्लास्टिक मुक्त गांव का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए जिलाधिकारी ने महिला जन चौपाल में उपस्थित प्रत्येक महिला को एक-एक फलदार पौधा भेंट किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। वृक्ष हमें शुद्ध ऑक्सीजन, फल, छाया, लकड़ी और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। इसलिए पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की तरह पौधों का भी पालन-पोषण करें ताकि आने वाले वर्षों में गांव अधिक हराभरा और स्वच्छ बन सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के बच्चों को टिफिन एवं पानी की बोतल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि नियमित रूप से विद्यालय जाएं, स्वच्छता अपनाएं, पौष्टिक भोजन करें तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपने परिवार तक पहुंचाएं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित विशेष स्वास्थ्य गतिविधियों के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का एचपीवी (HPV) टीकाकरण भी कराया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि किशोरियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टीकाकरण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहयोग करें तथा अपनी बेटियों का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे गंभीर बीमारियों से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
महिला जन चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने, गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, उप जिलाधिकारी बड़ौत भावना सिंह, जिला स्तरीय अधिकारी, संबंधित विभागों के कर्मचारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
सूचना विभाग, बागपत