मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को मिला ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार का सुरक्षा कवच
बागपत, 08 जुलाई 2026— माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने वाराणसी से आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बेसिक शिक्षा परिषद के 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से प्रति विद्यार्थी ₹1,200 की धनराशि यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी क्रय करने के लिए हस्तांतरित की। साथ ही प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया तथा 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने हेतु भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू का निष्पादन भी किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का सम्मान भी किया गया।
जनपद बागपत के कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री केपी मलिक, विधायक श्री योगेश धामा तथा जिलाधिकारी अस्मिता लाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय राज्य मंत्री श्री केपी मलिक जी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्र का भविष्य भी गढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। डीबीटी के माध्यम से पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीधे अभिभावकों के खातों में धनराशि पहुंचने से बच्चों की आवश्यक शैक्षिक सामग्री समय पर उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर चलते हुए प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अन्य शिक्षाकर्मियों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा और वे पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकेंगे।
जनपद बागपत में बेसिक शिक्षा विभाग के लगभग 59 हजार विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹1,200 प्रति विद्यार्थी की धनराशि हस्तांतरित की गई। जैसे ही धनराशि खातों में पहुंची, अभिभावकों के चेहरों पर खुशी की मुस्कान दिखाई दी और बच्चों के बेहतर भविष्य को लेकर उत्साह का वातावरण बना।
जनपद में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत 2,355 शिक्षक, 1,560 रसोइया, 32 अनुदेशक, 35 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय स्टाफ, 378 शिक्षामित्र तथा 1,145 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर माननीय राज्य मंत्री श्री केपी मलिक,माननीय विधायक श्री योगेश धामा एवं जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा के डमी कार्ड वितरित किए।
अपने संबोधन के अंत में राज्य मंत्री श्री केपी मलिक ने सभी नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधे हमें ऑक्सीजन, फल, छाया और जीवन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को धरती माता की सेवा के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ,जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता चौधरी सहित आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत