खेल परिसरों की व्यवस्थाएं
दुरुस्त करने के सख्त निर्देश लापरवाही पर जताई नाराजगी
बागपत,7अप्रैल 2026 — जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व में आयोजित बैठक के मिनट्स (निर्णयों) की बिंदुवार समीक्षा की। कई बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर उन्होंने जिला खेल अधिकारी अमित कुमार के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यशैली में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप खेल सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने खेल परिसरों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों, क्रीड़ा हॉल तथा अन्य परिसरों में नियमित सफाई होनी चाहिए, जिससे खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। साथ ही, खेल उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खेल परिसर की सभी खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा जहां आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को शाम के समय भी अभ्यास में कोई असुविधा न हो।
कार्यालय संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेखों का डिजिटलीकरण एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और गति आए।
तरणताल (स्विमिंग पूल) की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उसकी नियमित सफाई, जल की गुणवत्ता तथा संपूर्ण रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि तरणताल परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से नियमित रूप से गार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रशिक्षित कोच की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए, जिससे खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण मिल सके।
जिलाधिकारी ने शौचालय एवं वॉशरूम की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उनके जीर्णोद्धार एवं नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह बुनियादी सुविधाएं खिलाड़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, अतः इन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए।
बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल एवं तरणताल में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना के संबंध में भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन स्थानों पर शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाएं, जिससे निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने जनपद के सभी तरणतालों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी इनका लाभ उठा सकें।
बैठक में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ा जाए तथा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। जिलाधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि गांव में स्टेडियम व्यवस्थित रूप से रहने चाहिए और युवक मंगल ताल का गठन होना चाहिए समय-समय पर खिलाड़ी भी परिवर्तित होते रहे।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में सुधार जनपद के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ,परियोजना निदेशक राहुल वर्मा पुलिस क्षेत्रधिकारी नरेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह सहित आदि उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत