राजस्व-पुलिस-खनन-परिवहन का संयुक्त एक्शन, इंटीग्रेटेड मॉडल से अवैध गतिविधियों पर होगा नियंत्रण
रात-दिन चेकिंग, ड्रोन-सीसीटीवी से निगरानी, ओवरलोडिंग पर होगी एक्शन मोड में कार्रवाई
सिर्फ 5 स्वीकृत पट्टों में ही होगा वैधखनन, रात्रि में पूर्ण प्रतिबंध, 24×7 रिपोर्टिंग सिस्टम लागू
बागपत 06 अप्रैल 2026—अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध बागपत प्रशासन ने कड़ी सख्ती अपनाई है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के की अध्यक्षता में आयोजित हुई टास्क फोर्स की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए अब हर स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने निगरानी, तकनीक और समन्वय के जरिए एक इंटीग्रेटेड मॉडल लागू कर दिया है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में राजस्व, पुलिस, खनन और परिवहन विभाग को एकजुट होकर काम करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संयुक्त अभियान ही प्राथमिक रणनीति होगी। इसके तहत संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी और लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए अब 24×7 निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई है। गठित टीमें दिन-रात सक्रिय रहकर खनन क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर नजर रखेंगी। हर स्तर से रिपोर्टिंग की स्पष्ट व्यवस्था तय की गई है, जिसमें फील्ड टीम की रिपोर्ट एसडीएम तक और वहां से सीधे जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। इससे पारदर्शिता के साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
ओवरलोडिंग को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि नियमित चेकिंग के साथ ओवरलोड वाहनों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। जिन मार्गों पर शिकायतें अधिक हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने की तैयारी है। थाना स्तर पर भी पुलिस को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
तकनीक को इस अभियान का मजबूत आधार बनाया गया है। खनन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन सर्विलांस और जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। डिजिटल मॉनिटरिंग से अवैध गतिविधियों की तुरंत पहचान कर कार्रवाई संभव हो रही है। साथ ही हेल्पलाइन और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में वर्तमान में केवल 5 खनन पट्टे ही स्वीकृत हैं और खनन कार्य इन्हीं निर्धारित सीमाओं के भीतर किया जाएगा। किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अतिरिक्त खनन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा रात्रि में खनन कार्य नही होगा ,जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
टास्क फोर्स समिति को विशेष निर्देश दिए गए हैं, जो अवैध खनन और परिवहन के मामलों में तत्काल कार्रवाई करेगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में बिना अनुमति खनन या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध खनन पर रोक से जहां एक ओर सरकारी राजस्व में वृद्धि होगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। नदियों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने वैध खनन पट्टों की भी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अस्मिता लाल स्वयं इस पूरे अभियान की नियमित समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और हर स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व विनीत कुमार उपाध्याय ,जिला खनन अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ,समस्त एसडीएम अमरचंद वर्मा ,भावना सिंह, निकेत वर्मा सहित संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत