Spread the love

बड़ौत ::- बड़ौत में बड़का रोड स्थित ट्यूबवेल के खुले गड्ढे में गिरकर 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बुधवार शाम मृतक इरशाद पुत्र शमशाद ट्यूबवेल के पास खेल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्यूबवेल का गड्ढा काफी समय से खुला पड़ा था। खेलते समय अचानक वह उसमें गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वही स्थानीय लोगों जमील, फारूक, सलीम और आरिफ का आरोप है कि नगर पालिका की जमीन पर ट्यूबवेल स्थापित है और उसी स्थान पर अल्पसंख्यक विभाग की ओर से विवाह मंडप का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते खुला गड्ढा बच्चे को दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा था, जिसे ढकने या घेरने की व्यवस्था नहीं की गई। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मनोज रस्तोगी ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी है, जहां नगर पालिका का ट्यूबवेल स्थापित है। उसी स्थान पर अल्पसंख्यक विभाग द्वारा विवाह मंडप का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खुले गड्ढे के मामले की जांच कराई जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर कोतवाली में तैनात जांच अधिकारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

×