बागपत ::- अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले बुधवार को शिक्षकों व कर्मचारियों ने विद्यालयों, कार्यालयों में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। वहीं शिक्षकों ने एनपीएस और यूपीएस के विरोध में प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही कहा शिक्षकों व कर्मचारियों को एनपीएस, यूपीएस नहीं चाहिए, बल्कि पुरानी पेंशन व्यवस्था चाहिए। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले जिले के स्कूलों में शिक्षकों व कर्मचारियों ने बुधवार का दिन काला दिवस के रूप में मनाया। उन्होंने विद्यालयों व कार्यालय में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। जिला महामंत्री राजेश कुमार सरोज ने कहा कि एनपीएस में कुछ नहीं था, जिसको सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विरोध दर्ज कराकर वापस कराया। सरकार एनपीएस में सुधार कर यूपीएस जैसी एक अलग पेंशन योजना लेकर आई, जिसका विरोध किया जा रहा है। शिक्षकों व कर्मचारियों को एनपीएस, यूपीएस नहीं चाहिए, बल्कि पुरानी पेंशन व्यवस्था चाहिए। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि जब विधायकों व सांसदों को पेंशन मिल सकती है तो उन्हें क्यों नहीं मिल सकती। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द ही पेंशन बहाली नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर चट्टान सोनकर, मदनपाल, दीपक कुमार, अमरजीत, लक्ष्मी नारायण यादव, गोविंद, सोहनलाल आदि मौजूद रहे।