जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने किसानों को वितरित किए चिया सीड्स के पैकेट

बागपत, 02 अप्रैल 2026 — जनपद में चिया सीड्स की खेती को बढ़ावा देने के लिए बागपत प्रशासन निरंतर नए प्रयास कर रहा है। आज बागपत कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने किसानों को ‘काले सोने’ यानी चिया सीड्स के पैकेट वितरित किए तथा इसकी व्यावसायिक खेती के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी का विजन है कि बागपत में चिया सीड्स की खेती इस स्तर पर हो जो जनपद की पहचान और किसानों की समृद्धि का आधार बने। यह केवल खेती से जुड़ा विषय नहीं बल्कि बागपत जनपद की आवश्यकताओं से भी जुड़ा है क्योंकि यहां गन्ने जैसी पारंपरिक फसलों के कारण भूजल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है और भूमि की उर्वरक क्षमता भी कम हो रही है। ऐसे में वैकल्पिक फसल के रूप में चिया सीड्स की खेती एक बेहतर विकल्प साबित हो सकती है, क्योंकि इसकी खेती में कम पानी की आवश्यकता होती है और यह बागपत की जलवायु के अनुकूल है।
वहीं, बाजार में चिया सीड्स की कीमत 300 से 800 रुपये प्रति किलो तक है। इसके अनेक स्वास्थ्य लाभ हैं और आज लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है। प्रशासन ने बागपत ब्लूम ब्रांड के तहत चिया सीड्स प्रोडक्ट भी निर्धारित किया है जो बागपत में इसकी खेती कर रहे किसानों को डायरेक्ट मार्केट देने का प्रयास है।
जिलाधिकारी ने किसानों से आह्वान किया कि वे ‘नई सोच, नई खेती’ को अपनाते हुए चिया के साथ आगे बढ़ें। सुपरफूड चिया सीड्स की खेती कम लागत में होती है तथा मात्र तीन माह में फसल तैयार हो जाती है। साथ ही, प्रशासन ने चिया सीड्स की खेती पर आधारित एक विशेष मार्गदर्शिका भी तैयार की है, जो किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। पूर्व में चिया सीड्स खेती पर आधारित विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा चुके है।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी धीरज सिंह आदि सहित प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत