Spread the love

हर बच्चे तक पहुंचेगा शिक्षा का अधिकार: गांव-गांव डोर टू डोर अभियान होगा संचालित

बागपत, 01 अप्रैल 2026 – जनपद बागपत में शिक्षा की अलख जगाने और हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ कलेक्ट्रेट लोकमंच से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन छपरौली से माo विधायक डॉ अजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर शिक्षा के प्रति उत्साह और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। बच्चों की मुस्कान, अभिभावकों की उम्मीद और प्रशासन का संकल्प—इन सबने मिलकर इस अभियान को एक जनआंदोलन का रूप देने की शुरुआत कर दी।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों, नाटकों और समूह नृत्य के माध्यम से बच्चों ने शिक्षा के महत्व को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज के विकास की आधारशिला है।

अपने संबोधन में विधायक डॉ अजय कुमार ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा के अधिकार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का हर बच्चा शिक्षित नहीं होगा, तब तक सच्चे अर्थों में विकास संभव नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।

इस अभियान के तहत जिले भर में विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शिक्षक गांव-गांव जाकर डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे। इस दौरान ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी जो अभी तक स्कूल से बाहर हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। शिक्षकों द्वारा उनके अभिभावकों से संवाद स्थापित कर बच्चों को पुनः विद्यालय में दाखिला दिलाया जाएगा। प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि जनपद में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और बढ़ा। “घर-घर विद्यादीप जलाओ, अपने बच्चे सभी पढ़ाओ” का संदेश पूरे कार्यक्रम में गूंजता रहा। यह नारा अब जनपद के प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा, जिससे शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता और मजबूत हो सके।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाया जा रहा ‘स्कूल चलो अभियान’ शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधारों की श्रृंखला का हिस्सा है। राज्य में पिछले वर्षों में परिषदीय विद्यालयों की तस्वीर बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, स्वच्छ शौचालय, पेयजल व्यवस्था, पुस्तकालय और खेल सामग्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही बच्चों को निशुल्क यूनिफॉर्म, किताबें, जूते-मोजे और मध्याह्न भोजन जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे भी आसानी से शिक्षा प्राप्त कर सकें।

बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता चौधरी ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर बच्चों का सर्वे करें और उन्हें विद्यालय से जोड़ें। साथ ही, अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें।

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें रैलियां, प्रभात फेरियां, दीवार लेखन, पोस्टर और ग्राम सभाओं के माध्यम से शिक्षा का संदेश फैलाया जाएगा। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, यूथ क्लबों और स्वयंसेवी संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचे।

विशेष रूप से ऐसे बच्चों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है जो किसी कारणवश पढ़ाई छोड़ चुके हैं। आर्थिक तंगी, जागरूकता की कमी या पारिवारिक परिस्थितियों के चलते स्कूल से दूर हुए बच्चों को दोबारा मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही बच्चों के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति अपनाई जाएगी, जिससे वे पढ़ाई में रुचि लें और नियमित रूप से विद्यालय आएं। सभी ने एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बागपत को एक आदर्श जनपद बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जय किशोर, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सूचना विभाग बागपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×