विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कार्यालयीन कार्यों की गुणवत्ता, रिकॉर्ड अपडेट व स्वच्छता पर विशेष फोकस
बागपत 10 फरवरी 2026 – आज जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों में कार्यप्रणाली की वास्तविक स्थिति जानना, लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करना तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में अलग-अलग कार्यालयों में फाइलों के संधारण, अभिलेखों की उपलब्धता तथा प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति की जांच की गई। कई स्थानों पर फाइल मूवमेंट और रिकॉर्ड अपडेट करने की प्रक्रिया को और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
कार्यालयों में उपस्थिति पंजिका की भी जांच की गई। समयपालन और कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशासनिक कार्यों की गति और गुणवत्ता सीधे तौर पर अनुशासन व नियमितता पर निर्भर करती है, इसलिए किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अनुभागों में प्रगति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने, लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही शासन की मंशा आमजन तक पहुंचती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्ट्रेट परिसर की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और सूचना पट्टों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। जहां-जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रिकॉर्ड रूम में पुराने अभिलेखों के सुरक्षित संधारण, फाइलों की ट्रेसबिलिटी और आवश्यक दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। निर्देशित किया गया कि महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से संरक्षित रखे।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व विनीत उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर ज्योति शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत