राष्ट्रीय एकता, सामाजिक न्याय और मानवाधिकार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
बागपत दिनांक 16 सितंबर 2026 — प्रदेश सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार के लिए पात्र व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय तथा राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान करने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है। जिला प्रशासन की ओर से ऐसे पात्र व्यक्तियों से आवेदन करने का आह्वान किया गया है, जिन्होंने समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे, समानता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया हो। बागपत जैसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक विविधता वाले जनपद में सामाजिक समरसता और एकजुटता के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस सम्मान के माध्यम से प्रदेश स्तर पर पहचान मिल सकेगी। पुरस्कार के रूप में चयनित व्यक्ति को एक लाख रुपये की नकद धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार गुरु गोविंद सिंह जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदान किए जाने की व्यवस्था है। प्रदेश सरकार द्वारा इस पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2001 में की गई थी। पुरस्कार के लिए आवेदक का भारत का मूल नागरिक होना तथा संबंधित पुरस्कार वर्ष में उत्तर प्रदेश में सामान्य रूप से निवासरत होना आवश्यक है। आवेदक का मानवाधिकार, सामाजिक न्याय अथवा राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान होना चाहिए। पूर्व में इस पुरस्कार से सम्मानित व्यक्ति दोबारा पात्र नहीं होगा। इच्छुक पात्र व्यक्ति अपने कार्यों से संबंधित विवरण एवं प्रमाणिक अभिलेखों के साथ 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त प्रस्तावों की जांच एवं आवश्यक संस्तुति के बाद उन्हें शासन को भेजा जाएगा।
सूचना विभाग बागपत