बागपत में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ: जिला अस्पताल में राज्यमंत्री ने प्रज्वलित किया आशीर्वाद का दिया
मरीजों के बीच पहुंचकर राज्यमंत्री ने वितरित किए फल, योजनाओं के लाभार्थियों को मिली टूल किट एवं प्रमाण पत्र
बागपत दिनांक 17 सितंबर 2026 – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर जनपद बागपत ने शुभकामनाओं के साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों से सेवा का भी संकल्प दोहराया। सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत जिला संयुक्त चिकित्सालय से हुई। मा. राज्यमंत्री श्री केपी मलिक मरीजों के बीच पहुंचे, उनका हाल जाना और पोषण आहार वितरित किया।
अस्पताल परिसर में पौधारोपण और रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया। अस्पताल में महिला चिकित्सालय समेत विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विशेष रंगोली पर आशीर्वाद के दीये प्रज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में सेवा का यह रूप सरकार की योजनाओं से लाभ पा रहे लोगों तक भी पहुंचा। पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। पारंपरिक हुनर वाले कारीगरों के लिए यह टूलकिट अपने काम को आगे बढ़ाने का साधन है। वहीं श्रम विभाग की कन्या विवाह सहायता योजना तथा मातृ एवं शिशु सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। एक ही कार्यक्रम में रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का लाभार्थियों तक पहुंचना अभियान की खास तस्वीर बना।
मा. राज्यमंत्री श्री केपी मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री की लीडरशिप में सेवा और सुशासन को विकास का आधार बनाया गया है जिसका परिणाम बागपत में भी स्पष्ट दिखाई देता है जहां योजनाएं लोगों के जीवन को आसान बना रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाने का काम हो रहा है। बागपत में भी स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास की रफ्तार बढ़ी है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ उनके लाभ और जनभागीदारी को सामने लाने का माध्यम बन रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तीर्थ लाल, सहायक श्रमायुक्त एम.एल. पाल सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत