
बागपत, 07 सितंबर 2026,
जनपद बागपत के बड़ा गांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।1 पिकअप वाहन संख्या UP-24 AT-1819 में कुल 32 लोग सवार थे, जो राजस्थान की गोगामेड़ी से वापस अपने गांव अलाहपुर, थाना उझानी, जनपद बदायूं जा रहे थे।बड़ा गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक सूचना में एक बच्ची सहित कुल चार लोगों की मृत्यु हुई है। घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा,बागपत जिला अस्पताल में पहुंचाया गया।

जहां घायलों का उपचार किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए जी टी वी दिल्ली रेफर किया गया है।हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को घायलों का प्राथमिकता के आधार पर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।घायलों को हर संभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।