Spread the love

बागपत, 10 जून 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई माय भारत केंद्र बागपत में नवागत जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने स्वयंसेवकों एवं यूथ क्लब प्रतिनिधियों के साथ परिचय बैठक की। बैठक के दौरान हाल ही में माय भारत द्वारा स्थापित किए गए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की उपलब्धि चर्चा का प्रमुख केंद्र रही। युवाओं ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उत्सव मनाया तथा विकसित भारत मिशन में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।





जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में एक सप्ताह के भीतर रिकॉर्ड संख्या में युवाओं की भागीदारी दर्ज कर माय भारत ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान बनाया है। माय भारत के गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड राष्ट्रीय समारोह में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले माय भारत स्वयंसेवक एवं युवा आइकॉन अमन कुमार ने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देश के टॉप माय भारत यूथ चैंपियन के साथ यह विश्व कीर्तिमान साझा किया और इसे देश की युवा शक्ति को समर्पित किया।

बैठक में जिले में माय भारत की पहुंच को और अधिक मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक गांव तक माय भारत की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “युवा मंडल विकास अभियान” संचालित किया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में दो विकास खंड के गांवों में युवाओं से संपर्क स्थापित कर उन्हें माय भारत प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा तथा नए यूथ क्लबों का गठन कराया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक का एक भावनात्मक क्षण तब आया जब माय भारत से जुड़े सक्रिय स्वयंसेवक अमीर खान के भारतीय सेना में चयन होने पर उपस्थित युवाओं ने उनका सम्मान किया। युवाओं ने फूलमाला पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि स्वयंसेवा, अनुशासन और समाज सेवा की भावना युवाओं को बड़े लक्ष्यों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और अमीर खान इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

इस अवसर पर सुषमा त्यागी, नीतीश भारद्वाज, प्रिया, आसिफ, दानिश, शिवम, गुलफसा, शादाब अली, पंकज, हारून, अभिषेक सहित अनेक युवा स्वयंसेवक एवं यूथ क्लब प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sbobet88

×