बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पानीपत–मेरठ नई रेलवे लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। *डॉ. सांगवान ने अपने पत्र में कहा कि बागपत जनपद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का महत्वपूर्ण हिस्सा होने के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रमुख कृषि एवं औद्योगिक क्षेत्र है। इसके बावजूद आज भी पानीपत और मेरठ के बीच सीधी रेलवे लाइन का अभाव है, जिससे लाखों विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, उद्योगों से जुड़े लोगों, कर्मचारियों तथा आम यात्रियों को अनावश्यक दूरी तय करनी पड़ती है और समय व धन दोनों की हानि होती है। उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया कि पानीपत–मेरठ नई रेलवे लाइन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। इस रेलवे लाइन के निर्माण से हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित, सुलभ एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध होगा तथा माल परिवहन भी अधिक किफायती और समयबद्ध बनेगा। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने, क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत बनाने, कृषि एवं औद्योगिक गतिविधियों को गति देने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं निवेश के नए अवसर सृजित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। इससे पूरे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। डॉ. सांगवान ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इस बहुप्रतीक्षित रेलवे परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करेगी।