बागपत, 10 जून। बागपत के गांवों में जल्द ही युवाओं की नई चौपालें सजेंगी। कहीं नया यूथ क्लब बनेगा तो कहीं पूर्व में गठित युवा मंडलों में फिर से गतिविधियों की रौनक लौटेगी। उद्देश्य साफ है—जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत से जोड़ना और उन्हें विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाना।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इकाई माय भारत केंद्र बागपत में आयोजित परिचय बैठक में नवागत जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने स्वयंसेवकों और यूथ क्लब प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए जिले में शुरू होने जा रहे युवा मंडल विकास अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि माय भारत देशभर के युवाओं की ऊर्जा, नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता को एक मंच देने का प्रयास है।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में बागपत और छपरौली विकास खंड के गांवों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। स्वयंसेवक गांव-गांव पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे, उन्हें माय भारत प्लेटफॉर्म से जोड़ेंगे और नए यूथ क्लबों के गठन को प्रोत्साहित करेंगे। साथ ही पूर्व में गठित युवा मंडलों को फिर से सक्रिय करने की दिशा में भी काम किया जाएगा, ताकि हर गांव में युवाओं का एक संगठित मंच तैयार हो सके।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। खेल, स्वयंसेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, कौशल विकास और नेतृत्व निर्माण जैसे क्षेत्रों में युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए माय भारत विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है। युवा मंडल विकास अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
इस अवसर पर हाल ही में माय भारत द्वारा स्थापित किए गए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की उपलब्धि का भी केक काटकर उत्सव मनाया गया। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि विकसित भारत क्विज में एक सप्ताह के भीतर रिकॉर्ड संख्या में युवाओं की भागीदारी दर्ज कर माय भारत ने विश्व स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड समारोह में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले युवा अमन कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब युवाओं को सही मंच और अवसर मिलता है तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम होते हैं। उन्होंने युवाओं से माय भारत से जुड़कर स्वयंसेवा और नेतृत्व के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब माय भारत से जुड़े स्वयंसेवक अमीर खान के भारतीय सेना में चयन होने पर उनका सम्मान किया गया। उपस्थित युवाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि गांव के एक युवा का सेना तक पहुंचना केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा और विश्वास का संदेश है।
बैठक में सुषमा त्यागी, नीतीश भारद्वाज, प्रिया, आसिफ, दानिश, शिवम, गुलफसा, शादाब अली, पंकज, हारून, कार्तिक, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक और यूथ क्लब प्रतिनिधि मौजूद रहे। युवाओं ने भी अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।
