वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिनी दौरे पर यहां आ रहे हैं। वे यहां कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और विकास परियोजनाओं की समीक्षा करने के साथ अवलोकन भी करेंगे। हालांकि अभी प्रोटोकॉल नहीं पहुंचा है, लेकिन सुरक्षा टीम के पहुंचते ही प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शाम करीब छह बजे गोरखपुर से हेलीकॉप्टर से पुलिसलाइन हेलीपैड पर पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति और मूलभूत सुविधाओं के सुधार पर जोर रहेगा। बैठक के बाद वह परियोजनाओं का निरीक्षण करने निकलेंगे। इस दौरान सम्पूर्णानंद संस्कृत विवि मैदान परिसर में निर्माणाधीन बिजली उपकेंद्र का अवलोकन भी कर सकते हैं।
