बागपत 9 जुलाई 2026—“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत चौधरी चरणसिंह इंस्टिट्यूट ऑफ स्पेशल एजुकेशन, छपरौली रोड, बड़ौत में दिव्यांगजनों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य के प्रति जन-जागरूकता तथा दिव्यांगजनों की सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बड़ौत श्रीमती भावना सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण कर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज के सशक्त एवं प्रेरणास्रोत सदस्य हैं और उनका यह प्रयास समाज को सकारात्मक संदेश देता है।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्री सुधीर कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन केवल सहायता के पात्र नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में समान रूप से भागीदारी निभाने में सक्षम हैं। पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में उनकी सक्रिय सहभागिता सराहनीय है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अमित कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें संरक्षित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं चौधरी चरणसिंह इंस्टिट्यूट ऑफ स्पेशल एजुकेशन के निदेशक डॉ. संजीव आर्य ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि “एक पौधा – एक संकल्प” केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, दिव्यांगजनों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस मौके पर मोनिका राठी प्रिंसिपल, अंकित रुहेला, सागर कुमार, सुभाष वीर सिंह, अंशु तोमर, मोनिका तोमर, कविता सरोहा, रेखा शर्मा, परणीता पंवार आदि मौजूद रहे l