विद्यालय संचालकों को चालक एवं परिचालक का सत्यापन कराने, विद्यालय वाहनों से संबंधित सभी प्रपत्रों की जांच करने तथा वाहन सुरक्षा मानकों को पूर्ण रूप से लागू करने के निर्देश
बागपत, 9 जुलाई 2026 — जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय परिवहन सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना तथा विद्यालय वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करना था।बैठक में जिला परिवहन अधिकारी ने अवगत कराया कि जिला विद्यालय परिवहन सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के आवागमन को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा भी सड़क सुरक्षा समिति को सक्रिय रखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बैठक में उपस्थित सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित की जाएं तथा स्कूल वाहनों एवं उन अन्य वाहनों की नियमित जांच की जाए जिनके माध्यम से बच्चे विद्यालय आते-जाते हैं। उन्होंने कहा कि वाहनों की फिटनेस, चालक की पात्रता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए।जिला परिवहन अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने विद्यालयों में केवल मानक अनुरूप एवं सुरक्षित वाहन ही संचालित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन पर स्पष्ट रूप से विद्यालय वाहन का चिह्न अंकित होना चाहिए, ताकि उसकी पहचान में कोई संशय न रहे। साथ ही उन्होंने सभी स्कूल संचालकों को वाहन परमिट बनवाने, वाहनों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन द्वार एवं अन्य निर्धारित सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों ने अपनी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बड़ौत से डोला नहर की पटरी तथा केडवा से मवीकला तक का मार्ग अत्यंत जर्जर है, जिससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने उक्त मार्गों को शीघ्र गड्ढामुक्त कराने का आश्वासन दिया।जिला परिवहन अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि वाहन बेचते समय वाहन का पंजीकरण निरस्त कराते हुए संबंधित एनओसी दर्ज कराई जाए, जिससे विभाग को वाहन संबंधी सही जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी विद्यालय संचालकों को चालक एवं परिचालक का सत्यापन कराने, विद्यालय वाहनों से संबंधित सभी प्रपत्रों की जांच करने तथा वाहन सुरक्षा मानकों को पूर्ण रूप से लागू करने के निर्देश दिए
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों एवं उनके आश्रितों को नियमानुसार शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़ितों को निर्धारित मुआवजा एवं राहत दिलाई जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व विनीत कुमार उपाध्याय ,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार ,जिला विद्यालय निरीक्षक ,अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अतुल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, थानाध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधक एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत