➡️ लखनऊ: खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। दिल्ली से लखनऊ आ रही इंडिगो फ्लाइट को भारी बारिश के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद ATC ने विमान को अयोध्या डायवर्ट कर दिया। फ्लाइट में 152 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
➡️ लखनऊ: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि विवाद का समाधान केवल स्वतंत्र फॉरेंसिक और वित्तीय जांच से ही संभव है। साथ ही जिम्मेदारी तय करने और मंदिर को पूरे राष्ट्र की धरोहर बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
➡️ रायबरेली: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा से करोड़ों रुपये का लोन लेने वाले गैंग के 5 और सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार हो चुके हैं। बैंक मैनेजर की तहरीर पर 48 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
➡️ मथुरा: वृंदावन में करंट लगने से छत्तीसगढ़ निवासी शशिकांत की मौत हो गई। वह अपने परिचित के यहां आया था और दीवार में उतरे करंट की चपेट में आ गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई।
➡️ मेरठ: दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें खदेड़कर रास्ता खाली कराया। प्रदर्शनकारी आरोपी के परिजनों को भी जेल भेजने की मांग कर रहे थे।
➡️ मेरठ: सरधना क्षेत्र के कालन्दा गांव में रजवाहे से 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। वह बेटी के घर जाने की बात कहकर निकले थे। पुलिस हत्या और हादसे दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
➡️ रायबरेली: लालगंज क्षेत्र के किसान राहुल कुमार से साइबर ठगों ने 12.18 लाख रुपये की ठगी कर ली। बंद बीमा पॉलिसी चालू कराने, एजेंट कमीशन और 37 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर कई किस्तों में रकम ऐंठी गई। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
➡️ सहारनपुर: दर्पण सिनेमा के पास पार्षद प्रतिनिधि नितिन जाटव के कार्यालय के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग हुई। पीड़ित अमन ने आरोप लगाया कि उसे बुलाकर उस पर गोली चलाई गई। घटना का CCTV वीडियो सामने आया है और पुलिस जांच में जुटी है।
➡️ ऊधम सिंह नगर: SOTF और किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 91 ग्राम स्मैक के साथ मलकीत सिंह नामक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया।
➡️ लखनऊ: अमीनाबाद में युवक का शव रखकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
➡️ आजमगढ़: वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई ‘सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का हरिऔध कला केंद्र में लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मंत्री दारा सिंह चौहान मुख्य अतिथि रहे और उन्होंने योजना को शिक्षकों के लिए बड़ी राहत बताया।
➡️ कानपुर: किशोर द्वारा अश्लील इशारे करने के वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर जांच की जा रही है और किशोर के मनोरोगी होने संबंधी तथ्य भी सामने आए हैं। पीड़ित किशोरी के परिजनों ने सुरक्षा की मांग की है।
➡️ देहरादून: बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की हेराफेरी के मामले में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जिसका बीकेटीसी ने स्वागत किया है।
➡️ हापुड़: पिलखुआ के चमनपुरी मोहल्ले में एक बड़े लिजर्ड को देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे वन विभाग ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
➡️ फर्रुखाबाद: प्रधान पति से मारपीट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जमीन कब्जे के विवाद में हुई मारपीट में दो पक्षों के 6 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने एक रिवॉल्वर और 4 कारतूस भी बरामद किए हैं।
➡️ ललितपुर: कल्यानपुरा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने सर्पदंश की आशंका जताई है। झाड़-फूंक के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
➡️ फर्रुखाबाद: लगातार 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
➡️ हापुड़: छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि शिक्षक पास कराने का लालच देकर छात्रा से अशोभनीय हरकत करता था।
➡️ लखनऊ: अमीनाबाद में चाट विक्रेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने सूदखोरों की प्रताड़ना, रोजाना रंगदारी वसूली और दुकान लगाने से रोकने का आरोप लगाते हुए शव रखकर प्रदर्शन किया।
➡️ पीलीभीत: पूरनपुर क्षेत्र में धान की रोपाई के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
➡️ मुजफ्फरनगर: मेरठ रेंज के एडीजी भानु भास्कर ने मुजफ्फरनगर पहुंचकर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
➡️ सीतापुर: पत्नी से विवाद के बाद संतोष नामक युवक मछरेहटा क्षेत्र में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। पुलिस और तहसील प्रशासन उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे।
➡️ बलिया: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सेवा योजना का शुभारंभ बलिया में भी किया गया। मंत्री दानिश आजाद अंसारी और दयाशंकर सिंह ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि अब शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा।