नितिन कुमार सिंह, बागपत। थाना बागपत के मीतली-डौला गांव के जंगल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ नलकूप पर शराब पार्टी में युवक की ईंटों से कूचकर हत्या कर दी गई। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। आरोपितों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।
थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र के डौला गांव निवासी मर्तक मूलचंद (सोनू कश्यप) के पिता वीर सिंह के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बेटे सोनू को गांव के युवक घर से बुलाकर ले गए थे। देर रात घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह परिवार के लोग डौला पुलिस चौकी पहुंचे, जहां पता चला कि मीतली-डौला के जंगल में एक नलकूप पर युवक का शव मिला है।
उन्होंने मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान बेटे सोनू के रूप में की। बताया जा रहा है कि घटना के समय नलकूप पर शराब पार्टी चल रही थी। उसी दौरान आरोपित युवकों ने विवाद होने पर सोनू की ईंटों से कूचकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिंघावली अहीर और कोतवाली बागपत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
घटनास्थल से सोनू की बाइक बरामद हुई है, जबकि उसका मोबाइल फोन गायब है। स्वजन का आरोप है कि गांव के ही कुछ युवक बेटे सोनू को घर से बुलाकर ले गए थे और उसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, क्षेत्राधिकारी बागपत विजय चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उधर कोतवाली बागपत प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।
गांव में यह भी चर्चा जोरो पर है कि मर्तक की पत्नि के हत्यारो से सम्बन्ध है। वही मर्तक मूलचंद की पत्नि का कहना है किहमारे परिवार में कोई ग्रह कलेश नहीं है। तीन महीने पहले कुछ बात हुई थी लेकिन वो वही समाप्त हो गयी थी। मामला कुछ और हो सकता है। भविष्य में खुद को बचाने के लिए आरोपी तरह तरह के बयान दे रहे होंगे।
