
दिल्ली के विवेक विहार में हुई भीषण आग की घटना ने एक बार फिर ये साफ कर दिया है कि घर में लगा एयर कंडीशनर अगर सही तरीके से यूज और मेंटेन न किया जाए तो ये कितना ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है। जी हां, शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि बिल्डिंग में लगे AC में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैली। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। ऐसे में ये समझना बेहद जरूरी है कि आखिर AC क्यों फटता है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
क्या है AC फटने की असली वजह?
• इलेक्ट्रिकल फॉल्ट
गीजर की तरह ही AC भी एक हाई-पावर डिवाइस है। ऐसे में अगर इसकी वायरिंग पुरानी, ढीली या खराब हो गई है, तो शॉर्ट सर्किट हो सकता है। इसकी वजह से स्पार्किंग होती है, जो आग या ब्लास्ट का सबसे बड़ा कारण बन सकती है। कभी कभी ओवरलोडेड सॉकेट में AC लगाने से भी यही समस्या हो सकती है।
• ओवरहीटिंग
आजकल बहुत से लोग AC को लंबे टाइम तक लगातार इस्तेमाल करते रहते हैं या उसके अंदर धूल जमा हो जाती है, तो कूलिंग सिस्टम ठीक से वर्क नहीं करता है। इससे कंप्रेसर और दूसरे पार्ट्स जल्दी गर्म हो जाते हैं, जो एक बड़ा खतरा पैदा कर सकते हैं।
• गैस लीकेज
अगर AC में भरी हुई गैस लीक हो जाए तो ये ज्वलनशील माहौल बना सकती है। जी हां, जब सर्विसिंग सही ढंग से न हो या सस्ती/गलत गैस भर दी जाए, तो ब्लास्ट का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है।
• मेंटेनेंस की कमी
बहुत से लोग सालों तक AC की सर्विस नहीं कराते हैं। ऐसे में गंदे फिल्टर, ब्लॉक्ड कॉइल्स और जाम ड्रेनेज सिस्टम मशीन पर ज्यादा दबाव डालते हैं, जिससे ओवरहीटिंग और आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
• खराब या सस्ते पार्ट्स
इतना ही नहीं अगर AC में लोकल या खराब क्वालिटी के पार्ट्स लगे हुए हैं या मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट हो, तो मशीन अचानक खराब हो सकती है। कंप्रेसर या कैपेसिटर खराब होने पर ब्लास्ट जैसी कंडीशन भी बन सकती है।
खुद को कैसे रखें सुरक्षित?
● हर सीजन से पहले सर्विस जरूर कराएं। साथ ही प्रोफेशनल टेक्नीशियन से AC की जांच कराएं ताकि छोटी खराबी समय रहते ठीक हो सके।
● AC के लिए सही वायरिंग और अलग पावर लाइन रखें। अलग सर्किट और अच्छी क्वालिटी की वायरिंग AC के लिए बेहद जरूरी है। एक्सटेंशन बोर्ड से AC चलाने से बचें।
● साथ ही AC को लगातार घंटों तक न चलाएं। बीच-बीच में ब्रेक देने से मशीन ठंडी रहती है और ओवरहीटिंग का खतरा भी इससे कम हो जाता है।
● AC से गैस लीकेज या अजीब आवाज को कभी भी नजरअंदाज न करें। अगर AC से बदबू आए, आवाज आए या कूलिंग कम हो जाए, तो तुरंत चेक कराएं।
● इसके साथ ही फिल्टर और वेंट्स साफ रखें। साफ-सफाई से एयरफ्लो बेहतर बना रहता है और मशीन पर दबाव भी नहीं पड़ता है।
● सिर्फ भरोसेमंद ब्रांड और अच्छा टेक्नीशियन चुनें। सस्ते और अनऑथराइज्ड सर्विस से जितना हो सके बचें, क्योंकि यही सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है।
