बड़ौत ::- मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर समेत कई रूटों पर डिपो को कुछ बसों से राजस्व कम आ रहा है, जिससे परिवहन विभाग के अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। अब अधिकारियों ने इन रूटों पर बसों में बैठकर सर्वे करने का निर्णय लिया है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर समेत अन्य रूटों पर चलने वाली अधिकतर बसों से डिपो को ठीक राजस्व आ रहा है। इन रूटों पर चलने वाली कुछ बसों से बहुत कम राजस्व आ रहा है, जिससे अधिकारी हैरान हैं। अधिकारियों का मानना है कि बसों से आने वाले राजस्व में ज्यादा अंतर नहीं होना चाहिए। जांच करने के लिए अधिकारियों ने इन रूटों पर उन बसों में बैठकर सर्वे करने का निर्णय लिया है, जिनसे राजस्व कम आ रहा है। अधिकारियों का मानना है कि राजस्व कम आने के दो कारण हो सकते हैं, जिनमें एक सभी स्टैंडों से यात्रियों को नहीं बैठाना और दूसरा गड़बड़ी करना। बताया कि इन दोनों में से एक भी कारण मिलने पर परिचालक पर कार्रवाई की जाएगी।