बागपत 17 मार्च 2026 —-आज विकास भवन सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के 12 चार्ज, 3 तहसीलों एवं 9 नगर निकायों के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला के लिए कुल 48 फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति की गई है, जिन्होंने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की सूक्ष्म बारीकियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया तथा यह भी बताया गया कि जनगणना हमारे सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक जीवन में किस प्रकार उपयोगी है।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता एवं सटीकता के साथ संपन्न किया जाए। मकान गणना एवं परिवार विवरण दर्ज करते समय किन-किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना है, इस संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। आज प्रशिक्षण शिप्रा सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड 2 जनगणना कार्य निदेशालय की प्रतिनिधि द्वारा विकास भवन सभागार में दिया गया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच में 24 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। द्वितीय बैच का प्रशिक्षण दिनांक 23, 24 एवं 25 मार्च को विकास भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी बागपत के के भड़ाना द्वारा अपने पूर्व के अनुभवों से संबंधित को जनगणना की जानकारी से रूबरू कराया और उन्होंने जनगणना के होने वाले लाभों के बारे में विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला ।
सूचना विभाग बागपत