Spread the love

14 व 15 मार्च को दो सत्रों में आयोजित होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, 14 परीक्षा केंद्रों पर 10,080 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 3 जोनल मजिस्ट्रेट सहित 420 कक्ष निरीक्षक रहेंगे तैनात

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी व पुलिस बल की रहेगी तैनाती, नकल, पेपर लीक और साल्वर गैंग पर रहेगी कड़ी नजर

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

परीक्षा से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए ईमेल व व्हाट्सएप नंबर जारी

बागपत दिनांक 09 मार्च 2026 — उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के क्रम में जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह परीक्षा युवाओं के भविष्य से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए इसकी शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा परीक्षा को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं।

जनपद में 14 व 15 मार्च, 2026 को दो-दो सत्रों में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 10,080 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और परीक्षा के दौरान पूरे परिसर की लगातार निगरानी की जाए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय घटना को रोका जा सके।

परीक्षा के दौरान पेपर लीक, नकल, साल्वर गैंग या अन्य किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने विशेष सतर्कता बरतते हुए सूचना देने के लिए ईमेल आईडी satarkta.policeboard@gmail.com और व्हाट्सएप नंबर 9454457951 भी जारी किया है। यदि किसी को परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह इस माध्यम से सूचना दे सकता है।

बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित कर ली जाएं। परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं की जांच पहले ही कर ली जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। साथ ही परीक्षा में ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाए। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न स्तरों पर टीमों का गठन किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करेंगे। 14 केंद्रों पर परीक्षा सम्पन्न कराए जाने हेतु 14 केंद्र व्यवस्थापक, 28 सहायक केंद्र व्यवस्थापक, 28 परीक्षा सहायक, 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 420 कक्ष निरीक्षक, 03 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करें और परीक्षा को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें।

सूचना विभाग बागपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×