जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक
पूर्व सैनिकों के हितों को लेकर प्रशासन गंभीर, विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बागपत दिनांक 21 अक्तूबर 2026 — जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में बागपत कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व सैनिकों ने जिले में सैनिक भवन स्थापित किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सैनिक भवन उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों को अपनी समस्याएं रखने तथा विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों ने पुलिसकर्मियों द्वारा अपेक्षित सम्मान नहीं दिए जाने का विषय भी उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पूर्व सैनिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक में पेंशन से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। पूर्व सैनिकों ने पेंशन से जुड़े विभिन्न विषयों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र पूर्व सैनिकों को राहत मिल सके और उनके मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने बैठक के माध्यम से पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। प्रशासन द्वारा पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े मामलों में विभागीय समन्वय और प्रभावी कार्रवाई से उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र पांडेय सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत