योजनाओं के लाभार्थियों के आंगन में मनाई गई दिवाली, नए भारत में योजनाओं से जुड़कर आगे बढ़ रहे हर वर्ग के लोग
जिला अस्पताल में हुआ ‘आशीर्वाद के दीये’ का मुख्य आयोजन, लाभार्थियों ने घर-घर जलाए दीप
बागपत, 17 सितंबर 2026 – माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर बागपत में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ दीपों की रोशनी और जनभागीदारी के साथ हुआ। शाम सात बजे जिलेभर में एक साथ 1.51 लाख ‘आशीर्वाद के दिए’ प्रज्वलित किए गए। जिला संयुक्त चिकित्सालय में हुए मुख्य कार्यक्रम से लेकर गांवों की गलियों, कस्बों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों तक दीपों की कतार नजर आई। लाभार्थियों ने अपने घरों के बाहर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं और योजनाओं से परिवारों के जीवन में आए बदलावों की चर्चा के बीच सेवा, अंत्योदय और विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में शाम ढलते ही मुख्य आयोजन ने माहौल को उत्सवी बना दिया। विशेष रूप से तैयार रंगोली के बीच ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित किया गया। भाजपा माननीय प्रदेश नउपाध्यक्ष राजेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शाम सात बजे दीप जलते ही अस्पताल परिसर के पेड़ों के नीचे और महिला चिकित्सालय के सामने सजे दीप जगमगा उठे। इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के इस केंद्र में एक साथ जलती दीपशिखाओं ने सेवा को ही उत्सव का केंद्र बना दिया। मुख्य कार्यक्रम में योजनाओं के लाभार्थियों और मौजूद नागरिकों के बीच जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों पर चर्चा हुई। किसी परिवार के लिए सरकारी योजना सुविधा का माध्यम बनी तो किसी के लिए आर्थिक सहारा, किसी के लिए सामाजिक सुरक्षा तो किसी के लिए आगे बढ़ने का अवसर।
शाम सात बजे का समय आते ही गांवों में भी अलग तस्वीर नजर आई। योजनाओं का लाभ पाने वाले परिवारों ने घरों की चौखट पर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया। कहीं बच्चों और बुजुर्गों के साथ पूरा परिवार दीप के पास खड़ा दिखाई दिया तो कहीं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए। घर की देहरी पर जली छोटी-सी लौ के साथ योजनाओं से मिले लाभ और बदले जीवन की बड़ी कहानी जुड़ी रही। गांव-गांव प्रधानमंत्री के जन्मदिवस, सरकारी योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान को लेकर चर्चा होती रही। बागपत की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान भी इस सामूहिक दीपोत्सव का हिस्सा बनी।
पुरा महादेव मंदिर में गाजियाबाद की मेयर सुनीता यादव, गुफावाला मंदिर में माननीय राज्यमंत्री एवं विधायक केपी मलिक, संस्कृत आश्रम लाक्षागृह बरनावा में जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, दादू बलराम संस्कृत महाविद्यालय ग्वालीखेड़ा में पूर्व चेयरमैन अमित राणा तथा संस्कृत आश्रम बालैनी में माननीय विधायक योगेश धामा ने सहभागिता करते हुए ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित किया। मंदिरों की देहरी पर जलते दीपों ने जिले की धार्मिक आस्था को भी सेवा संकल्प के उत्सव से जोड़ दिया।
जिला अस्पताल से लेकर गांव की चौपाल और मंदिरों की देहरी तक एक ही शाम में 1.51 लाख दीपों का प्रज्वलन बागपत में व्यापक जनभागीदारी की तस्वीर बना। इसमें जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की सहभागिता दिखाई दी। घर-घर जले दीपों ने कार्यक्रम को पूरे जिले में फैले सामूहिक उत्सव का रूप दिया।
17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ रहा है। पहले दिन ‘आशीर्वाद के दिए’ के जरिए बागपत ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुभकामनाओं के साथ यह संदेश भी दिया कि जनकल्याण की योजनाओं का अंतिम पड़ाव लाभार्थी का घर और सेवा का अंतिम उद्देश्य अंत्योदय है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, सीएमओ सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत