एनसीआर की हवा होगी साफ, पुराने वाहनों के स्क्रैप पर जोर; स्कूली वाहनों की फिटनेस भी अनिवार्य
बागपत दिनांक 20 अगस्त 2026 – एनसीआर में स्वच्छ हवा और सुरक्षित यातायात को लेकर परिवहन विभाग ने कवायद तेज कर दी है। आज परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन अनीता सिंह एवं अम्बरीश कुमार ने एआरटीओ बागपत कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 और परिवर्तन योजना की समीक्षा करते हुए जिले में सुरक्षित, फिट और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। एआरटीओ बागपत विपिन कुमार को निर्देशित किया कि जिले में संचालित स्कूली वाहनों की फिटनेस शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराई जाए। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी स्कूली वाहन आवश्यक फिटनेस मानकों को पूरा किए बिना सड़क पर संचालित न हो। इससे अभिभावकों में भी बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर भरोसा और मजबूत होगा।
समीक्षा के दौरान आरटीओ ने 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों के साथ ही बीएस-1, बीएस-2, बीएस-3 और बीएस-4 श्रेणी के पुराने वाहनों पर नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऐसे वाहनों को नियमानुसार निरुद्ध कर स्क्रैप कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि सड़कों पर पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की संख्या कम हो सके। परिवहन विभाग की इस पहल का उद्देश्य केवल पुराने वाहनों को सड़क से हटाना ही नहीं, बल्कि वाहन स्वामियों को बेहतर और स्वच्छ विकल्प की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना भी है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने वाले वाहन स्वामियों को उत्तर प्रदेश सरकार की परिवर्तन योजना के तहत उपलब्ध लाभ प्राप्त कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए। इससे पुराने वाहन मालिक नए एवं अपेक्षाकृत स्वच्छ वाहनों की ओर आसानी से बढ़ सकेंगे। मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत स्कूली वाहनों की फिटनेस पर विशेष जोर दिया।
परिवर्तन योजना के माध्यम से पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने की पहल सड़क सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण, दोनों को बढ़ावा देगी। एक ओर बच्चों के लिए सुरक्षित स्कूली परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर पुराने प्रदूषणकारी वाहनों की संख्या घटने से एनसीआर की हवा को स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी। आरटीओ ने परिवहन विभाग की टीम को अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और वाहन स्वामियों को नियमों एवं योजना के लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
सूचना विभाग बागपत