गुवाहाटी: असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे संकट के समय ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है।
मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की है। जिसमें पचास लाख रुपये तुरंत जारी किए गए हैं इस आर्थिक मदद के जरिए प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के इस कठिन दौर में जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है। बाढ़ ने बड़ी संख्या में लोगों के जनजीवन को प्रभावित किया है और कई परिवारों के सामने भोजन, रहने और अन्य जरूरी सुविधाओं का संकट पैदा हो गया है।
मौलाना अजमल की इस पहल को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत और मानवीय सहायता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं से भी आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करने की अपील की।