बागपत दिनांक 29 अगस्त 2026 — राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिले में खेल गतिविधियों के जरिए युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। जिला खेल कार्यालय व जिला प्रशासन की ओर से गोल्डन गेट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, रीवर पार्क के खेल मैदान में हॉकी व कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं माय भारत केंद्र बागपत की ओर से खट्टा प्रहलादपुर और बसी गाँव में भी खेल गतिविधियां हुईं।
गोल्डन गेट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई गई। 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक हॉकी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लिया। हॉकी में गोल्डन गेट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही, जबकि कबड्डी में टीम ए ने पहला स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और अपनी प्रतिभा के दम पर बागपत का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं माय भारत केंद्र बागपत की ओर से खट्टा प्रहलादपुर स्थित सेठ तारीफ सिंह जैन डिग्री कॉलेज में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में परशुराम क्लब की टीम प्रथम, खट्टा प्रहलादपुर द्वितीय और मेहरामपुर की टीम तृतीय रही और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया। युवाओं से संवाद कर खेलो इंडिया सहित खेलों में आगे बढ़ने के लिए उपलब्ध प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अवसरों की जानकारी दी। खेल शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया और अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने और नशे को छोड़कर खेल के मैदान से जुड़ने का आह्वान किया गया। बसी गाँव की नैन स्पोर्ट्स एकेडमी में भी राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गईं। खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए नियमित अभ्यास और फिटनेस पर जोर दिया गया। विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
सूचना विभाग बागपत