10 सितंबर तक भेजें फोटो, 05 विजेताओं को मिलेगा सम्मान और राजभाषा विभाग की ‘कालिंदी धारा’ पत्रिका में स्थान
विरासत, संस्कृति, यमुना, प्रकृति, हुनर, प्रतिभा और बदलते बागपत की तस्वीरें भेजें—हर उम्र के नागरिक ले सकेंगे हिस्सा
बागपत, 31 अगस्त 2026 — बागपत की पहचान सिर्फ नक्शे पर दर्ज एक जनपद की नहीं, बल्कि यहां की मिट्टी, इतिहास, विरासत, संस्कृति, मेहनत और प्रतिभाओं में बसती है। किसी के लिए बागपत खेत-खलिहान की हरियाली है, किसी के लिए यमुना की धारा, किसी के लिए ऐतिहासिक-पौराणिक विरासत और किसी के लिए गांव की सादगी, लोकजीवन और अपने लोगों का हुनर। अब बागपत की इसी पहचान को अपनी नजर और अपने कैमरे से सामने लाने का मौका है। बेमिसाल बागपत की तस्वीर ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार की नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति बागपत के तत्वावधान में सूचना विभाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में बागपत जनपद के सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकते हैं। खास बात यह है कि प्रतियोगिता के लिए कोई सीमित विषय निर्धारित नहीं है। बागपत की मिट्टी और पहचान, ऐतिहासिक एवं पौराणिक विरासत, धार्मिक स्थल, संस्कृति और परंपराएं, मेले-त्योहार, कला और लोकसंगीत, गांव-देहात और खेत-खलिहान, यमुना और प्रकृति, स्थानीय खान-पान और बाजार, रोजमर्रा का जीवन, मेहनतकश लोग और हुनरमंद चेहरे, किसान और कारीगर, खिलाड़ी और युवा प्रतिभाएं, महिला शक्ति, उद्यमिता, नए व्यवसाय, नवाचार, उपलब्धियां और विकास—बागपत की कोई भी ऐसी तस्वीर भेजी जा सकती है, जो अपने जिले की पहचान, खूबसूरती या बदलाव पर गर्व का अहसास कराती हो।
इस प्रतियोगिता को खास बनाता है तस्वीर के साथ उसकी कहानी बताने का अवसर। प्रतिभागी फोटो के साथ उसके बारे में 100 शब्दों तक का विवरण भी भेज सकेंगे। यानी तस्वीर केवल एक दृश्य नहीं होगी, बल्कि उसके पीछे की जगह, व्यक्ति, परंपरा, हुनर, उपलब्धि या उस पल से जुड़ी कहानी भी सामने आएगी। अलग-अलग लोगों की नजर से सामने आने वाली ये तस्वीरें मिलकर बागपत के उन रंगों को दर्ज करेंगी, जो रोज हमारे आसपास होते हुए भी कई बार कैमरे में कैद नहीं हो पाते।
गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग की पत्रिका ‘कालिंदी धारा’ में तस्वीर के साथ दर्ज होगी कहानी
प्रतियोगिता में चुनी जाने वाली तस्वीरों के लिए ‘कालिंदी धारा’ पत्रिका में प्रकाशन का अवसर भी मिलेगा। चयनित तस्वीरें प्रतिभागी के नाम एवं फोटो-स्टोरी के साथ पत्रिका में प्रकाशित की जाएंगी। इस तरह प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी की तस्वीर केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बागपत की पहचान और स्थानीय जीवन को दस्तावेज के रूप में सामने लाने वाली सामग्री का हिस्सा बन सकेगी। यह उन नागरिकों के लिए भी खास अवसर है, जो अपने कैमरे की नजर से बागपत की कोई अनदेखी, अनकही या यादगार कहानी सामने लाना चाहते हैं।
प्रतियोगिता में कुल 05 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा दो प्रोत्साहन पुरस्कार शामिल हैं। विजेताओं को सितंबर माह में प्रस्तावित नराकास, बागपत की बैठक में सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अपनी फोटो ई-मेल olrobpt@canarabank.com एवं व्हाट्सऐप नंबर 9557178303 पर भेजी जा सकती है। प्रविष्टि के साथ नाम, मोबाइल/व्हाट्सऐप नंबर, गांव, ब्लॉक एवं जनपद का नाम तथा फोटो के बारे में 100 शब्दों तक की कहानी/विवरण भेजना होगा। प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 है।
तो कैमरा उठाइए, अपनी नजर से बागपत को देखिए और वह तस्वीर भेजिए, जिसे देखकर दूसरे भी कह उठें—यही है हमारा बेमिसाल बागपत। तस्वीर आपकी, नजर आपकी और कहानी भी आपकी।
सूचना विभाग बागपत