
बागपत। समाज सेवी मोहित चौहान एवं मानव अधिकार युवा संगठन (भारत) के जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जनपद बागपत में बड़े पैमाने पर बेचे जा रहे मिलावटी एवं रसायनयुक्त खाद्य पदार्थों के विरोध में जिलाधिकारी महोदया के नाम ज्ञापन एडीएम को सौंपा। इस पत्र के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी का ध्यान जनपद बागपत में धड़ल्ले से बेचे जा रहे अशुद्ध एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों की ओर आकर्षित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि वर्तमान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के बाजारों में दूध, मावा, पनीर, देशी घी, मसालों और खाद्य तेलों में भारी मिलावट की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। अशुद्ध एवं विभिन्न प्रकार के हानिकारक रसायनों से युक्त इन खाद्य पदार्थों का सेवन करने से आम जनता, विशेषकर छोटे बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु इस गंभीर समस्या पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण लगाया जाना अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी महोदया से विनम्र अनुरोध किया गया कि इस विषय में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को स्पष्ट व कड़े निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही जिले के प्रमुख बाजारों, डेयरी फार्मों, मिष्ठान भंडारों व किराना दुकानों पर नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया जाए तथा मिलावटखोरों व नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI Act) के तहत कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की है कि जिला प्रशासन जनहित के इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र अति शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। इसमें सौरभ वर्मा, विक्रांत आदि लोग उपस्थित रहे।