17 नवंबर को घर के हर सदस्य का वोटर लिस्ट में देखें नाम, न मिलने पर 16 दिसंबर तक जुड़वाएं
मतदाता सेवा पोर्टल पर जुड़ी है निर्वाचन आयोग की कई सुविधाएं, स्वीप नोडल ने दी जानकारी
वोटर लिस्ट में नाम-पते की गलती भी सुधारें, 21-22 और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस
नवंबर में चार दिन खास: 18 साल आयु पूर्ण कर रहे युवा बनेगे मतदाता
बागपत, 13 नवंबर 2026 — हाथों में जागरूकता संदेश, जुबां पर लोकतंत्र के नारे और मन में हर पात्र नागरिक को मतदाता बनाने का संकल्प। आज बागपत के मुख्य बाजार में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत स्वीप मतदाता जागरूकता अभियान के शुभारंभ पर विभिन्न संस्थानों के मतदाता साक्षरता क्लबों से जुड़े छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर शहरवासियों को लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया। यमुना इंटर कॉलेज से शुरू हुई रैली में युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ मतदाता जागरूकता के नारे लगाए। राष्ट्र वंदना चौक पर मानव शृंखला बनाकर लोगों का ध्यान मतदाता पंजीकरण की आवश्यकता की ओर आकर्षित किया। इसके बाद रैली सम्राट पृथ्वीराज डिग्री कॉलेज पहुंची।अभियान का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने किया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को बताया कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। युवाओं ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पहली बार मतदान के लिए तैयार होने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया। राष्ट्र वंदना चौक पर छात्र-छात्राओं की मानव शृंखला ने सामूहिक सहभागिता और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। बाजारों से गुजरती रैली के माध्यम से व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने और छूटे हुए नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया।
एसपीआरसी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में स्वीप नोडल एवं मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान के दिन वोट डालने तक सीमित नहीं है। एक जागरूक मतदाता के रूप में अपनी जिम्मेदारी समझना, मतदाता सूची में नाम की स्थिति जांचना, पात्र होने पर पंजीकरण कराना और निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं में भागीदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र के पर्व को लेकर स्वयं जागरूक मतदाता बनें और स्वीप अभियान से जुड़कर अपने परिवार, गांव-मोहल्ले तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा पहली बार मतदाता बन सकते हैं। एक जनवरी 2009 या उससे पहले जन्मे ऐसे युवा, जिनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने बताया कि केवल नए मतदाताओं को ही नहीं, बल्कि पहले से वोटर कार्ड रखने वाले लोगों को भी अपनी और परिवार के सभी सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में जांचने चाहिए। इसके लिए 17 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारूप जारी होगा। इसमें नाम नहीं मिलने पर उसे जुड़वाने, नाम या पते में गलती होने पर उसे ठीक कराने और निवास बदलने पर नए पते पर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। किसी मृत व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने की जानकारी मिलने पर भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे हटाने के लिए सूचना दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चार दिनों में नागरिक अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ से मिल सकते हैं और अपना व परिवार के सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में जांच सकते हैं। नाम छूटने पर उसे जुड़वाने और विवरण में गलती होने पर सुधार कराने के लिए भी सहायता ले सकते हैं। विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं, हाल ही में विवाह के बाद दूसरे स्थान पर आई महिलाओं और निवास बदलकर आए परिवारों को अपना नाम जरूर जांचना चाहिए। उन्होंने बताया कि नाम जुड़वाने और अन्य जरूरी सुधार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 है। ऐसे में नागरिक अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते यह सुनिश्चित कर लें कि परिवार का कोई भी पात्र सदस्य वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

वहीं स्वीप प्रशिक्षक डॉ सत्यवीर सिंह ने मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए एक ही प्लेटफॉर्म पर निर्वाचन संबंधी कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। इसके माध्यम से पात्र नागरिक नया मतदाता पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म-6 भरने, मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम खोजने, आवेदन की स्थिति जानने, मतदाता पहचान पत्र (ई-ईपीआईसी) डाउनलोड करने तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।पोर्टल पर मतदाता सूची डाउनलोड करने, अपने मतदान केंद्र, विधानसभा एवं लोकसभा क्षेत्र की जानकारी प्राप्त करने, निर्वाचन संबंधी शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति देखने की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने विशेष रूप से ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता इस विकल्प के माध्यम से अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से फोन पर बात करने का अनुरोध कर सकते हैं और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन अथवा अन्य निर्वाचन संबंधी समस्याओं पर सीधे मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन संबंधी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ECINET मोबाइल एप की सुविधाओं से भी परिचित कराया और बताया कि इसके माध्यम से मतदाता पंजीकरण, आवेदन की स्थिति, ई-ईपीआईसी डाउनलोड, निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क तथा बीएलओ से कॉल बुक करने जैसी सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी पंजीकरण, आवश्यक संशोधन और मतदान संबंधी सहायता का अनुरोध करने की सुविधा उपलब्ध है।
वहीं स्वीप नोडल अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव ने बताया कि स्कूल-कालेजों में स्वीप के तहत निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही है। सभी शैक्षणिक संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और मतदान के महत्व की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को जागरूकता का संदेश अपने घरों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है ताकि परिवार के पात्र सदस्य ही नहीं, बल्कि आसपास के ऐसे नागरिक भी अभियान से जुड़ें जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
इस अवसर पर सहायक स्वीप नोडल अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव, शिक्षाविद डॉ. सत्यवीर सिंह, अंतरिक्ष कुमार, डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. राजलक्ष्मी, मुकेश राज शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।