बागपत में लोकतंत्र का महाअभियान, हर पात्र नागरिक को मतदाता बनाने की तैयारी
स्कूल-कालेजों में तैयार होगी लोकतंत्र की नई पौध, ईएलसी से युवा सीखेंगे मतदान का महत्व
समूह सखियों के हाथों मजबूत होगी लोकतंत्र की नींव, गांवों में संभालेंगी मतदाता जागरूकता की कमान
वकील, डॉक्टर, व्यापारी और श्रमिक भी बनेंगे लोकतंत्र के प्रहरी, संस्थानों में लगेंगे विशेष शिविर
स्कूल-कालेज से गांव-कस्बों तक पहुंचेगी जागरूकता की मुहिम, जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए तय की जिम्मेदारी
बागपत 12 नवंबर 2026 — लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है हर पात्र नागरिक की भागीदारी। कोई युवा मतदाता बनने से छूटे नहीं, किसी महिला का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से रह न जाए और कोई पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसी संकल्प के साथ बागपत में मतदाता जागरूकता और पंजीकरण का व्यापक अभियान शुरू किया जा रहा है। अब स्कूल-कालेज, गांव, नगरीय वार्ड, औद्योगिक प्रतिष्ठान और सामाजिक संगठन लोकतंत्र की इस मुहिम के सक्रिय सहभागी बनेंगे। लक्ष्य केवल मतदाता जागरूकता का संदेश देना नहीं, बल्कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शत-प्रतिशत शामिल कराना है। इसके लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने विभागों, संस्थानों और संगठनों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए हैं।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के समस्त शैक्षिक संस्थानों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान संचालित करने, पात्र युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने और फॉर्म-6 भरवाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में शिक्षाविद एवं प्रशिक्षक डॉ. सत्यवीर सिंह ने स्वीप और मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) की गतिविधियों का विस्तार से प्रशिक्षण दिया और प्रस्तावित स्वीप गतिविधियों का एक्शन प्लान प्रस्तुत किया।

बैठक में मतदाता जागरूकता को नियमित और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक ब्लाक में हर शनिवार और रविवार को तीन-तीन विद्यालयों में स्वीप संबंधी गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। इसके तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों को मतदाता बनने की पात्रता, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी जानकारी और लोकतांत्रिक सहभागिता के महत्व से परिचित कराया जाएगा। विशेष रूप से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए पात्र छात्र-छात्राओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर फोकस रहेगा। वहीं प्रत्येक ब्लाक में संबंधित खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से पांच-पांच ग्राम पंचायतों में तथा नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के माध्यम से तीन-तीन वार्डों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित कराई जाएंगी। इस प्रकार विद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों और नगरीय वार्डों को एक साथ जोड़कर मतदाता जागरूकता का सक्रिय नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
ईएलसी बनेगा युवा मतदाताओं का मार्गदर्शक
कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाएं संचालित करने वाले प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में मतदाता साक्षरता क्लब यानी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन संस्थानों में ईएलसी पहले से गठित हैं, उन्हें सक्रिय किया जाएगा और जहां गठन नहीं हुआ है, वहां क्लब स्थापित कराया जाएगा। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के साथ निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। युवा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ब्लाकवार नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है जिसमें समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सेवायोजन अधिकारी एवं युवा कल्याण अधिकारी को ब्लॉकवार नोडल बनाया गया है।। नोडल अधिकारियों को ईएलसी की गतिविधियों का संचालन, संस्थानों के साथ समन्वय और पंजीकरण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी अपने विधानसभा क्षेत्रों के शैक्षिक संस्थानों के ईएलसी के साथ नियमित बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं। इन बैठकों में पात्र युवा मतदाताओं की संख्या, पहले से मतदाता सूची में दर्ज विद्यार्थियों और पंजीकरण से छूटे युवाओं का वास्तविक आंकड़ा जुटाया जाएगा।
ऑनलाइन पोर्टल और ECINET से भर सकेंगे फॉर्म-6
पात्र युवा मतदाताओं को पंजीकरण के लिए ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए संस्थानों में उपलब्ध कंप्यूटर, ऑपरेटर और अन्य संसाधनों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। आवेदन में जन्मतिथि और निवास संबंधी आवश्यक प्रमाणपत्रों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आवेदन सही तरीके से भरा जा सके। आवेदन करते समय आवेदक का पूरा पता और मोबाइल नंबर सही दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया है, जिससे निर्वाचन संबंधी सूचनाएं समय पर पहुंच सकें। यदि किसी कारण से ऑनलाइन आवेदन नहीं हो पाता है तो पात्र युवा अपने बूथ पर जाकर ऑफलाइन फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं।
विशेष अभियान दिवसों पर बूथ तक पहुंचेंगे पात्र नागरिक
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान पात्र नागरिकों को पंजीकरण के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। नवंबर में 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवसों पर मतदाता पंजीकरण की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इन दिनों पात्र नागरिक अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन के बाद दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में भी पात्र नागरिकों को अपने नाम की स्थिति जांचने तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज हो और किसी भी स्तर पर पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रह जाए।
महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण, घर-घर होगा चिन्हांकन
जिलाधिकारी ने महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग, परिवार कल्याण विभाग और एनआरएलएम को विशेष जिम्मेदारी दी है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, एएनएम और महिला स्वयं सहायता समूहों की समूह सखियों के सहयोग से पात्र महिलाओं का चिन्हांकन कराया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा और एएनएम अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर भ्रमण करती हैं तथा परिवारों की जानकारी रखती हैं। उनके सहयोग से ऐसी पात्र महिलाओं की पहचान की जाएगी जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों की समूह सखियों का अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराने के साथ-साथ अपने कार्यक्षेत्र में छूटी हुई पात्र महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने में सहयोग लिया जाएगा। विशेष अभियान दिवसों पर समूह सखियों को सक्रिय कर पात्र महिलाओं का फॉर्म-6 भरवाने और पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित कार्यकर्ताओं से प्रमाणपत्र भी प्राप्त किए जाएंगे, जिसमें यह प्रमाणित किया जाएगा कि उनके कार्यक्षेत्र में 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की कोई पात्र महिला मतदाता सूची में शामिल होने से शेष नहीं है। इससे महिला मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति का व्यवस्थित सत्यापन किया जा सकेगा।
औद्योगिक संस्थानों से आवासीय सोसाइटी तक जुड़ेगा अभियान
मतदाता पंजीकरण को व्यापक स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए जिले के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसई), निजी औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, अधिवक्ता संगठनों, नागरिक सुरक्षा संगठनों, श्रमिक संघों, व्यापार संगठनों और चिकित्सक संघों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। औद्योगिक संस्थानों में बड़ी संख्या में कार्यरत कार्मिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए परिसर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, संविदा कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगियों तथा निर्माण स्थलों पर कार्यरत पात्र श्रमिकों तक भी अभियान पहुंचाया जाएगा। श्रमिक संगठनों और संघों के पदाधिकारियों के सहयोग से पात्र नागरिकों का चिन्हांकन कर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। आवासीय सोसाइटी, बहुमंजिली अपार्टमेंट, कालोनियों और नए आवासीय क्षेत्रों में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से नए निवासियों, प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं और ऐसे पात्र नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या जिन्हें अपने नाम की स्थिति जांचनी है।
अधिवक्ता, चिकित्सक, ग्राम प्रधान और समाजसेवी भी बनेंगे सहभागी
जिला बार एसोसिएशन, तहसील बार एसोसिएशन और अन्य अधिवक्ता संगठनों के सहयोग से न्यायालय परिसरों और अधिवक्ता संघ भवनों में मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों, घनी आबादी वाले मोहल्लों, मलिन बस्तियों और दूरस्थ क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय शाखाओं, चिकित्सक संघों, निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम और चिकित्सा संस्थानों से समन्वय स्थापित कर उनके परिसर में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। पूर्व एवं वर्तमान ग्राम प्रधानों, पार्षदों, समाजसेवियों और प्रतिष्ठित नागरिकों से अपने क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को चिन्हित करने और विशेष अभियान दिवसों पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करने में सहयोग लिया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव, प्रशिक्षक एवं शिक्षाविद डॉ सत्यवीर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत