एआरटीओ विपिन कुमार ने की अपील— कांवड़ यात्रा एप का करें उपयोग, यातायात नियमों का पालन कर बनें ‘जीरो वेस्ट महोत्सव’ के सहभागी
बागपत, 03 अगस्त 2026। श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव में आयोजित जीरो वेस्ट महोत्सव एवं श्रावणी मेले को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) विपिन कुमार ने श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों से अपील करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का उपयोग करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यात्रा में अपना सहयोग दें।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल से श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर तक आवागमन हेतु 20 ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है, जिससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं अधिक दूरी पैदल चलने में असुविधा महसूस करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। प्रशासन का प्रयास है कि दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्राप्त हो।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक एवं फील्ड ड्यूटी के सुचारु संचालन हेतु 75 निजी वाहनों को विभागीय कार्यों के लिए अधिग्रहित/किराये पर लिया गया है, ताकि विभिन्न सेक्टरों में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवागमन, निरीक्षण, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
एआरटीओ ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करें। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था से न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि यात्रा भी अधिक सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से क्यूआर आधारित “कांवड़ यात्रा एप” का अधिकाधिक उपयोग करने का भी आग्रह किया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा मार्ग, डिजिटल मैप, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, पुलिस सहायता, चिकित्सा सेवाएँ, कंट्रोल रूम, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, अग्निशमन सहायता, प्रमाणिक समाचार तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित एवं सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।
एआरटीओ विपिन कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग की टीमें यात्रा अवधि के दौरान निरंतर सक्रिय हैं तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात एवं परिवहन व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
सूचना विभाग बागपत