फेसबुक पोस्ट से लेकर व्हाट्सएप डीपी और स्टेटस तक दिख रही ‘भक्ति भी, प्रकृति भी’ की गूंज; 1000+ डिजिटल पोस्टर तैयार
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं और आम श्रद्धालुओं ने संभाली डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की कमान; श्रेष्ठ प्रतिभागियों को मिलेगा सम्मान
बागपत, 03 अगस्त 2026। श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव के जीरो वेस्ट महोत्सव को जनभागीदारी का राष्ट्रीय उदाहरण बनाने की दिशा में सूचना विभाग, बागपत द्वारा शुरू किया गया ‘जीरो वेस्ट महोत्सव सोशल मीडिया चैलेंज’ अब एक व्यापक डिजिटल जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक एक हजार से अधिक व्यक्तिगत डिजिटल पोस्टर तैयार किए जा चुके हैं, जबकि प्रतिदिन बड़ी संख्या में नए प्रतिभागी अपने फोटो भेजकर इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
सबसे खास बात यह है कि अब यह अभियान केवल सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित नहीं रह गया है। व्हाट्सएप डीपी, स्टेटस, फेसबुक प्रोफाइल, इंस्टाग्राम स्टोरी और एक्स पोस्ट पर ‘जीरो वेस्ट महोत्सव’ की झलक दिखाई देने लगी है। अनेक प्रतिभागी अपने पोस्टरों के साथ “भक्ति भी, प्रकृति भी”, “आस्था भी, जिम्मेदारी भी” जैसे प्रेरक संदेश साझा कर रहे हैं। इससे सकारात्मक डिजिटल कंटेंट की एक नई श्रृंखला तैयार हुई है, जो लगातार नए लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही है।
अभियान की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक संगठनों, पत्रकारों, माय भारत स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, युवाओं, शिवभक्तों एवं कांवड़ियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने इसे अपनाया है। बागपत से लेकर लखनऊ एवं दिल्ली तक अनेक लोग अपने सोशल मीडिया मंचों पर #ZeroWasteMahotsav के साथ पोस्ट साझा कर रहे हैं।
पहली बार सूचना विभाग ने ऐसा मॉडल विकसित किया है, जिसमें प्रशासन स्वयं प्रचार करने के बजाय प्रत्येक नागरिक को अभियान का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बना रहा है। प्रतिभागी का व्यक्तिगत डिजिटल पोस्टर तैयार कर उसे उपलब्ध कराया जाता है, जिसे वह अपने सोशल मीडिया मंचों पर साझा करता है। इस प्रकार एक-एक नागरिक स्वयं बागपत, श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर, पर्यावरण संरक्षण तथा जिम्मेदार धार्मिक पर्यटन का संदेशवाहक बन रहा है।
अभियान को रोचक बनाने के लिए इसमें सोशल मीडिया चैलेंज का स्वरूप भी दिया गया है। प्रतिभागी अपने पोस्टरों को फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर साझा कर अधिक से अधिक लाइक्स, कमेंट्स एवं शेयर प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक लाइक्स एवं कमेंट्स प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। यही कारण है कि युवाओं में इसे लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह अभियान केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि बागपत की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को भी नई डिजिटल पहचान दे रहा है। प्रत्येक पोस्टर के माध्यम से श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर, जीरो वेस्ट महोत्सव, “भक्ति भी, प्रकृति भी” का संदेश तथा बागपत की सकारात्मक छवि एक साथ देशभर तक पहुँच रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि लोग पुरा महादेव को केवल आस्था के केंद्र के रूप में ही नहीं, बल्कि स्वच्छ, हरित, पर्यावरण-अनुकूल एवं जिम्मेदार धार्मिक पर्यटन के प्रेरक मॉडल के रूप में भी पहचानें।
अभियान को क्यूआर आधारित “कांवड़ यात्रा एप” linktr.ee/kanwaryatra2026 से भी जोड़ा गया है। प्रत्येक डिजिटल पोस्टर श्रद्धालुओं को सीधे एप तक पहुँचने का माध्यम बन रहा है। एप के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्ग, डिजिटल मैप, ट्रैफिक डायवर्जन, कंट्रोल रूम, पुलिस सहायता, चिकित्सा सेवाएँ, पार्किंग, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, अग्निशमन सहायता, प्रमाणिक समाचार तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाएँ एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही हैं। इस प्रकार एक पोस्टर श्रद्धालुओं को जागरूक भी कर रहा है और डिजिटल जनसेवाओं से भी जोड़ रहा है।
जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति का उपयोग करते हुए प्रत्येक नागरिक को परिवर्तन का सहभागी बनाना है। जब नागरिक स्वयं पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश साझा करते हैं, तो उसका प्रभाव कहीं अधिक व्यापक होता है। उन्होंने कहा कि यह पहल बागपत के जीरो वेस्ट महोत्सव मॉडल को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ सकारात्मक डिजिटल नागरिक भागीदारी का भी उदाहरण बन रही है।
माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार, जिनके सुझाव पर यह सोशल मीडिया चैलेंज विकसित किया गया, ने कहा कि उद्देश्य केवल पोस्टर तैयार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को जीरो वेस्ट महोत्सव का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बनाना है। यह अभियान श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर के साथ-साथ बागपत की सांस्कृतिक विरासत, सकारात्मक प्रशासनिक नवाचार, पर्यावरण संरक्षण तथा जिम्मेदार धार्मिक पर्यटन की पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करने का माध्यम बन रहा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे व्हाट्सएप नंबर 9557178303 पर अपना फोटो भेजकर अपना व्यक्तिगत डिजिटल पोस्टर प्राप्त करें, उसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स एवं अन्य सोशल मीडिया मंचों पर साझा करें तथा #ZeroWasteMahotsav, #BhaktiBhiPrakritiBhi, #PuraMahadev एवं #KanwarYatra2026 जैसे हैशटैग का उपयोग करते हुए इस जनभागीदारी अभियान का हिस्सा बनें। प्रशासन को विश्वास है कि जितने अधिक लोग इस अभियान से जुड़ेंगे, उतनी ही सशक्त रूप से बागपत का जीरो वेस्ट महोत्सव मॉडल, उसकी सांस्कृतिक विरासत और स्वच्छ, हरित धार्मिक पर्यटन की पहचान देशभर तक पहुँचेगी।
कैसे बनें ‘जीरो वेस्ट महोत्सव’ के डिजिटल चैंपियन:
- व्हाट्सएप नंबर 9557178303 पर अपना फोटो भेजें।
- सूचना विभाग की ओर से आपके लिए विशेष पोस्टर तैयार किया जाएगा।
- पोस्टर को Facebook, Instagram, X सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें।
- DM Baghpat और सूचना विभाग बागपत को टैग करें।
- #ZeroWasteMahotsav, #PuraMahadev, #BhaktiBhiPrakritiBhi, #KanwarYatra2026 जैसे हैशटैग का उपयोग करें।
- सबसे अधिक लाइक्स और कमेंट्स पाने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
— सूचना विभाग, बागपत