नितिन कुमार सिंह, बागपत। रविवार को जनपद बागपत में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी श्री प्रदीप नरवाल ने प्रदेश महासचिव श्री नवाब अहमद हमीद जी के आवास पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के समस्त जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। बैठक में आगामी 05 अगस्त को आयोजित होने वाली पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय श्री सतपाल मलिक जी की प्रथम पुण्यतिथि पर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तथा कार्यक्रम की व्यापक सफलता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदीप नरवाल जी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण और उत्साह के साथ सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने पूर्व राज्यपाल एवं किसान नेता स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी जन्मस्थली हिसावदा में आयोजित होने वाले “किसान सम्मान दिवस” को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रदीप नरवाल ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक ऐसी शख्सियत थे जिन्होंने राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर रहते हुए भी किसानों, संविधान और लोकतंत्र के पक्ष में खुलकर अपनी बात रखी। सच बोलने के कारण सत्यपाल मलिक को लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। कांग्रेस उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, किसान संगठन, खाप प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हिसावदा पहुंचेंगे। यदि संसद की कार्यवाही में कोई व्यस्तता नहीं रही तो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होकर सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि को किसी राजनीतिक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और किसान हितों के लिए संघर्ष करने वाले व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि देने के रूप में देखती है। राहुल गांधी हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे हैं और कांग्रेस किसानों के दर्द और संघर्ष की आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं, किसानों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के मुद्दों पर विफल रही है। दावा किया कि प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन का माहौल बन रहा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी।

बैठक में राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, मंच संचालन, जनसभा स्थल, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। साथ ही लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस अवसर पर बागपत कांग्रेस जिलाध्यक्ष लव कश्यप ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लव कश्यप, वरिष्ठ नेता नवाब अहमद हमीद, डॉ. नरेश चौधरी, राम हरि पवार, राकेश त्यागी, वीर सिंह जाटव, हुमायूं बेग, हेमरीता, चितवन, जयाउर रहमान, दीपक भाटी, नरेंद्र राठी, अनिल देव त्यागी सहित पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।