
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के आह्वान पर संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान के अंतर्गत महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल, अग्रवाल मंडी टटीरी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं, प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नीम, पीपल, बरगद, गूलर, जामुन, सागौन, कड़ी पत्ता, हरसिंगार, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने इन पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नीरज शर्मा जी भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र के बीच वृक्षारोपण आज केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सकता है।
मनोज आर्या प्रबंधक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रारंभ किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी प्रेरणादायी संदेश देता है। यह अभियान प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
विद्यालय परिवार ने समाज के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जन्मदिन, विवाह, वर्षगांठ, परीक्षा में सफलता अथवा अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसकी देखभाल का संकल्प लें। वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि “हर परिवार एक पौधा लगाए, हर पौधे को वृक्ष बनाए” तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाकर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जनआंदोलन का स्वरूप देंगे। इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से लता सिसोदिया जी जिला उपाध्यक्ष भाजपा, परविंदर सिंह आर्य, पहलाद सिंह सभासद, अंकुर शर्मा ,संजीव शर्मा,नीरज राजपूत, रमित राजपूत ,सचिन राजपूत, सुरेश दरोगा, मनोज आचार्य,मास्टर मनोज कुमार, मनोज सिंघल ,अमित मानव गौरव कुमार, बृजेश कुमार,केशव, अनिल कुमार गांधी, नवीन , चौधरी प्रेमपाल सिंह, अंजना कश्यप सविता शर्मा, मुनेश, मीना , प्रियंका आर्य, कनिष्का, अंशु, गौरव, प्रियांशी आर्य, वेदांश, आयत, आदि उपस्थित रहे।