बागपत 12.7.26, एक बार फिर शनिवार देर रात्रि दिल्ली से शामली की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 54057 में सीट पर बैठने को लेकर दो पक्षों के यात्रियों बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद ट्रेन से नीचे उतरकर खेकड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। बीच-बचाव करने आई महिला भी धक्का-मुक्की का शिकार हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हैं।
घटना के समय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेकड़ा से बड़ौत की ओर आ रहे कुछ युवकों की सीट को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई थी। ट्रेन जैसे ही खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर रुकी, दोनों पक्ष प्लेटफॉर्म पर उतर आए और मामला मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद काफी देर तक चलता रहा।
घटना की सूचना मिलने के बावजूद रेलवे पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मारपीट के बाद दोनों पक्ष के युवक एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
स्थानीय यात्रियों विकास, सुनील आदि ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। लेकिन जीआरपी और रेलवे पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण यात्रियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता अपराधियों के हौसले बुलंद करती है।
जीआरपी बड़ौत के थाना प्रभारी शनि शर्मा ने कहा कि स्टेशन पर मारपीट की घटना की उन्हें जानकारी नहीं है। यदि खेकड़ा स्टेशन पर मारपीट हुई है, तो वह लोनी जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।