
बागपत। बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बागपत-खेकड़ा-बड़ौत विकास प्राधिकरण (BKBDA) द्वारा क्षेत्र के व्यापारियों, उद्योगपतियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जारी किए गए सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण नोटिसों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिलाधिकारी बागपत से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की बात कही है।
सांसद ने कहा है कि संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के सचिव प्रमोद जैन तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर अवगत कराया है कि विकास प्राधिकरण ने वर्ष 1970 से 1990 के बीच स्थापित कई पुराने उद्योगों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बिना वास्तविक स्थल निरीक्षण और विधिक प्रक्रिया अपनाए एक समान प्रारूप (Stereotype Format) में नोटिस जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से व्यापारियों में भय और असमंजस का माहौल पैदा हो गया है। यदि इसी आधार पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई की गई तो हजारों श्रमिकों के रोजगार पर संकट खड़ा हो सकता है। सांसद ने कहा कि विकास प्राधिकरण का उद्देश्य क्षेत्र का सुनियोजित विकास करना और व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित करना होना चाहिए, न कि उन्हें अनावश्यक परेशान करना।
डॉ. राजकुमार सांगवान ने जिलाधिकारी से कहा है कि विकास प्राधिकरण द्वारा जारी सभी नोटिसों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि क्या बिना भौतिक सत्यापन के नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही जांच पूरी होने तक इन नोटिसों के आधार पर प्रस्तावित सीलिंग, ध्वस्तीकरण अथवा अन्य किसी भी दंडात्मक कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखा जाए।
सांसद ने कहा कि प्रत्येक प्रभावित व्यापारी और उद्योगपति को नियमानुसार अपना पक्ष रखने तथा आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जाए, ताकि न्यायपूर्ण और पारदर्शी निर्णय सुनिश्चित हो सके।