पेड़ हमें देते हैं सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें।
बागपत10 जुलाई 2026- जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में जनपद में संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के अंतर्गत जिला संयुक्त चिकित्सालय, बागपत में आने वाले रोगियों एवं उनके परिजनों को पौधों का वितरण किया जा रहा है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन एवं जनसहभागिता का प्रेरक संदेश दे रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे जीवन, स्वास्थ्य और समृद्धि के आधार भी हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लें और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं
इस अभियान के अंतर्गत अब तक जिलाधिकारी द्वारा शिकायतकर्ताओं, किसानों, उद्यमियों, ट्रांसपोर्टरों, स्कूल प्रबंधकों, अधिकारियों, स्वास्थ्य लाभ लेने वाले रोगियों, दिव्यांगजनों तथा विभिन्न वर्गों के नागरिकों को पौधे वितरित किए जा चुके हैं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण महायज्ञ से जोड़ना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में पौधे प्राप्त करने वाले रोगियों एवं परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए पौधों का रोपण एवं संरक्षण करने का संकल्प लिया। उपस्थित जनों को वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि पेड़ हमें शुद्ध वायु, छाया, फल, जल संरक्षण और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि यदि आपने अभी तक पौधा नहीं लगाया है, तो इस वृक्षारोपण महायज्ञ से वंचित न रहें। आइए, हम सभी मिलकर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें सुरक्षित रखकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण करें।
सूचना विभाग बागपत