बागपत, 15अप्रैल 2026–
जनपद बागपत में समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर 18 अप्रैल2026 से बागपत की पहली हेरिटेज ट्रेल का शुभारंभ किया जाएगा।
इस अभिनव पहल का उद्देश्य जनपद के ऐतिहासिक स्थलों, प्राचीन धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना, पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय लोगों को अपनी विरासत के प्रति जागरूक करना है। हेरिटेज ट्रेल के माध्यम से प्रतिभागियों को बागपत के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें उन स्थलों के इतिहास, महत्व और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि बागपत की पहचान केवल एक जनपद के रूप में नहीं, बल्कि एक समृद्ध इतिहास और गौरवशाली परंपरा के रूप में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। हेरिटेज ट्रेल इस दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगी, जिससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इस आयोजन में प्रशासन के विभिन्न विभागों, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों एवं इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, ट्रेल को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि बागपत की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित और प्रचारित किया जा सके।
सूचना विभाग बागपत





