जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर राजनीतिक दलों को सौंपी प्रतियां

मतदाताओं से अपील: एक सप्ताह में बूथ पर जाकर सूची में नाम की जरूर करें जांच
जनपद की वेबसाइट पर अपलोड हुई अंतिम मतदाता सूची, ऑनलाइन जाँचे नाम
लव कश्यप जिलाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी जनपद बागपत भी रहे मौजूद

Nitin Kumar Singh, बागपत, 10 अप्रैल 2026 —
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद बागपत की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—50 छपरौली, 51 बड़ौत एवं 52 बागपत—की अंतिम निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन आज किया गया। अंतिम प्रकाशन जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसील) कार्यालयों में संपादित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक पदाभिहित स्थलों (मतदान केन्द्रों) एवं मतदेय स्थलों पर संबंधित पदाभिहित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची जनसामान्य के निरीक्षण हेतु उपलब्ध कराई गई। अंतिम प्रकाशन के दौरान उक्त स्थलों पर मतदाता सूची अवलोकन हेतु उपलब्ध रही तथा विधानसभा क्षेत्रवार एवं मतदेय स्थलवार मतदाताओं का विस्तृत विवरण भी उपलब्ध कराया गया।
जनपद में अंतिम प्रकाशन के अनुसार कुल 8,38,375 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 4,64,051 पुरुष, 3,74,315 महिला एवं 09 अन्य मतदाता शामिल हैं। जनपद का औसत ईपी अनुपात 56.41 एवं जेंडर अनुपात 807 दर्ज किया गया है। विधानसभा क्षेत्रवार विवरण के अनुसार 50-छपरौली में 2,93,080 मतदाता (1,64,185 पुरुष, 1,28,893 महिला, 02 अन्य), ईपी अनुपात 57.98 एवं जेंडर अनुपात 785; 51-बड़ौत में 2,59,271 मतदाता (1,43,848 पुरुष, 1,15,421 महिला, 02 अन्य), ईपी अनुपात 54.79 एवं जेंडर अनुपात 802; तथा 52-बागपत में 2,86,024 मतदाता (1,56,018 पुरुष, 1,30,001 महिला, 05 अन्य), ईपी अनुपात 56.36 एवं जेंडर अनुपात 833 दर्ज किया गया है। अंतिम प्रकाशन के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अस्मिता लाल द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतियां (एक हार्ड कॉपी एवं एक सॉफ्ट कॉपी) उपलब्ध कराई गईं।
निर्देशों के क्रम में दिनांक 10.04.2026 को अंतिम प्रकाशन हेतु सभी कार्यवाहियां समयान्तर्गत सुनिश्चित की गईं। अंतिम प्रकाशित नामावली को पूर्वाह्न 11:00 बजे तक जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर अपलोड किया गया तथा अंतिम प्रकाशन की सूचना पूर्वाह्न 11:30 बजे तक संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराई गई।अंतिम प्रकाशित नामावली को मतदेय स्थलों पर एक सप्ताह तक आमजन के अवलोकन हेतु उपलब्ध कराया गया है।
मतदाता अपनी प्रविष्टि जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://bagpat.nic.in/deo-portal-baghpat/
पर जाकर अथवा अपने निकटतम मतदेय स्थल पर जाकर देख सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें तथा अपने नाम, आयु, लिंग एवं अन्य विवरणों की पुष्टि कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व विनीत कुमार उपाध्याय ,राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बसपा जिला अध्यक्ष विक्रम भाटी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष लव कश्यप ,भाजपा जिला मंत्री सुंदर धाम,नाजिम मलिक समाजवादी पार्टी आदि दलों से प्रतिनिधि उपस्थित रहे।