Spread the love

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर

शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर जनता का विश्वास सुदृढ़ करे अधिकारी

आईजीआरएस डैशबोर्ड से जुड़ी योजनाओं में रैंकिंग सुधार पर जोर, कार्यशैली सुधारने के दिए निर्देश

बागपत 30 मार्च 2026 — जनपद बागपत में शासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम पर पहुंचे प्रदेश सरकार के नामित जनपद प्रभारी मंत्री एवं माननीय राज्य मंत्री (संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास) श्री जसवंत सिंह सैनी ने पहले दिन कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व, कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिशन मोड में पहुंचाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करें, क्योंकि आम व्यक्ति बड़ी उम्मीद के साथ सरकारी दफ्तरों तक पहुंचता है।

बैठक के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था की स्थिति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र का समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि अपराधों, विशेषकर गंभीर अपराधों में कमी लाने के लिए सतर्कता और सक्रियता जरूरी है। साइबर सेल बागपत द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ तकनीकी अपराधों पर नियंत्रण बेहद आवश्यक है। साथ ही जनपद की सीमाओं से गुजरने वाले वाहनों की निगरानी हेतु अपनाए गए विशेष तरीकों की विस्तार से जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने यक्ष एप से अपराधों के प्रभावी नियंत्रण के मॉडल की विस्तार से जानकारी दी।

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी योजना में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत युवाओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए बैंकों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाए। इसी क्रम में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक लगभग 1200 सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं और इसमें और तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर योजना के लक्ष्य को पूर्ण किया जाए।

माननीय प्रभारी मंत्री ने राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य किया जाए और जनपद को राजस्व वसूली में अग्रणी बनाया जाए। उन्होंने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाकर आम जनता को राहत दी जाए। गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया गया कि किसानों का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए और चीनी मिलों से नियमित संपर्क बनाए रखा जाए।

बैठक में स्वच्छता को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई। प्रभारी मंत्री ने पंचायती राज विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि गांवों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाए। दाहा गांव में कूड़े के ढेर को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने सात दिनों के भीतर सफाई कराने के निर्देश दिए। स्कूलों में साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विद्यालयों में नियमित सफाई के लिए रोस्टर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण में ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मंत्री ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काइन दोनों क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने 19 पैरामीटरों को पूर्ण करने और कायाकल्प योजना के तहत सभी कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को शिक्षकों से जुड़े पेंशन मामलों में देरी एवं लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त कर तत्काल निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

सामाजिक कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पेंशन, छात्रवृत्ति, राशन, श्रम कार्ड और सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन योजनाओं के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में भी प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।

आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही प्रशासन की छवि को खराब करती है, इसलिए अधिकारी इस कार्य को प्राथमिकता दें। जनता दर्शन में आने वाली समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में परिवहन विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री ने रैंकिंग में सुधार के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा की। गौशालाओं की स्थिति को लेकर भी मंत्री ने चिंता व्यक्त की और बढ़ती गर्मी को देखते हुए वहां साफ-सफाई, छाया, चारा और पशुओं के स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अंत में माननीय प्रभारी मंत्री ने प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रही योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम वर्क के साथ कार्य करने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर बागपत माननीय विधायक योगेश धामा ,छपरौली माननीय विधायक डॉ अजय कुमार ,भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी अस्मिता लाल, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

सूचना विभाग बागपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन आज, स्थापना के श्रेय का वास्तविक हकदार कौन?शिलान्यास के ठीक चार वर्ष चार महीने और तीन दिन बाद होने जा रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन आज 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों जेवर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास की दशा और दिशा को बदल देने की संभावनाओं वाले इस हवाई अड्डे के प्रथम चरण का औपचारिक उद्घाटन हो जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को जिला प्रशासन गौतमबुद्धनगर ने जहां अंतिम रूप दे दिया है वहीं उद्घाटन के बाद होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों ने युद्ध स्तर पर तैयारियां की हैं।पच्चीस वर्ष पहले अतिपिछड़े समझे जाने वाले जनपद गौतमबुद्धनगर के जेवर क्षेत्र को कल हवाई उड़ान जैसे अत्याधुनिक यातायात के एक ठिकाने का उपहार मिल जाएगा। इस हवाई अड्डे के निर्माण में महज चार वर्ष चार महीने और तीन दिन का समय लगा जो देश में बने किसी भी अन्य हवाई अड्डे के मुकाबले बेहद कम है परंतु इसे जेवर में स्थापित होने के लिए पच्चीस छब्बीस साल लग गए।2001 में खुर्जा लोकसभा क्षेत्र जो अब गौतमबुद्धनगर हो गया है, के तत्कालीन भाजपा सांसद अशोक प्रधान दावा करते हैं कि यह हवाई अड्डा उनके आग्रह पर जेवर में बनना तय हुआ था।उस समय गौतमबुद्धनगर जिले का हिस्सा होने के बावजूद नोएडा ग्रेटर नोएडा से जेवर पहुंचने के लिए दिल्ली हरियाणा होकर जाना पड़ता था।बकौल अशोक प्रधान उन्होंने इस क्षेत्र के अति पिछड़ेपन को दूर कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई से यहां एयरपोर्ट बनाने की मांग की थी। प्रधानमंत्री के निर्देश पर तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्र को जेवर में एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव भेजा था। हालांकि समय की धूल पूर्व में किए गए प्रयासों को धुंधला या अदृश्य कर देती है। इसका एक जीता-जागता उदाहरण नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे भी है जिसका शिलान्यास भी अशोक प्रधान ने किया था जो सरकारी अभिलेखों में दर्ज है परंतु अब वहां पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के नाम का शिलापट्ट लगा है। वर्तमान में जेवर एयरपोर्ट का सर्वाधिक श्रेय कौन ले रहा है? एयरपोर्ट के चारों ओर जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह के होर्डिंग लगे हैं। कभी इसके लिए वर्तमान सांसद डॉ महेश शर्मा को श्रेय दिया जाता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अवश्य इस हवाई अड्डे की यहां स्थापना के श्रेय के वास्तविक हकदार हैं जिन्होंने पिछली सरकारों के समय कभी टूंडला और कभी आगरा के बीच झूल रहे इस हवाई अड्डे को वापस जेवर में बनाने का न केवल ठोस प्रस्ताव केंद्र को भेजा बल्कि उसे धरातल पर भी उतार दिया। हालांकि कल उद्घाटन होने के बावजूद यहां से उड़ानें शुरू होने में अभी एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है जो प्रत्येक एयरपोर्ट के लिए सामान्य बात है परंतु दिल्ली से मात्र एक घंटे की दूरी पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा पर स्थापित इस हवाई अड्डे से क्षेत्र के भौतिक विकास को ऊंची उड़ान मिलने की पूरी संभावना है। संभवतः इसीलिए आज सुबह इंद्रदेव ने भी हल्की बौछोरों के साथ अपनी प्रसन्नता प्रकट की।

×