बागपत, 10 मार्च 2026—–
जनपद बागपत में दिनांक 10-03-2026 से 16-03-2026 तक चलाए जा रहे सात दिवसीय सघन प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशन में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार द्वारा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है।
अभियान के प्रथम दिन सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा 05 ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए तथा 04 ओवरलोड वाहनों को निरुद्ध किया गया। इनमें से 02 वाहन खनन सामग्री का परिवहन करते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध निरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए उन्हें खनन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त यात्री/माल कर अधिकारी संदीप कुमार जायसवाल द्वारा प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान 02 ओवरलोड वाहनों के चालान तथा 02 ओवरलोड वाहनों को निरुद्ध किया गया।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कहीं भी ओवरलोड अथवा बिना फिटनेस के कोई वाहन संचालित पाया जाता है, जो परिवहन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद बागपत में ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और परिवहन नियमों का पालन कराया जा सके।
सूचना विभाग बागपत